
Tikamgarh Rashmi Ahivwar Case: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के बछोड़ा गांव में 24 सितंबर को दो मासूम बच्चों और उनकी मां की मौत के मामले में मृतका का मौत से पहले का एक और वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वीडियो रश्मि ने किसी बाबू के लिए बनाया है, वीडियो में रश्मि ये भी कह रही है कि देखो बाबू कमरे में कोई नहीं है, मैं अकेली हूं, वो दूसरे कमरे में सो रहे हैं। इससे आशंका है कि रश्मि ने ये वीडियो अपने कथित प्रेमी के लिए बनाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर वो कौन है जिसे रश्मि बाबू पुकार रही है। पुलिस वायरल वीडियो को ध्यान में रखते हुए जांच करने में जुटी हुई है।
देखें वीडियो-
रविवार के बाद सोमवार को मृतका रश्मि अहिरवार का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में वो कह रही है- 'बाबू आप टेंशन मत लेना, बचाने वाले हम हैं आपको, बस ये वीडियो दिखा देना जो तुम्हारे पास है। हमारी गलती है, हमने इनको धोखा दिया है, गद्दारी की है इनके साथ, इन्हें नहीं मिलनी चाहिए सजा, सजा हम ही काटेंगे। बाबू हो सके तो मुझे माफ करना, हम जो कदम उठाने जा रहे हैं, वो अपनी मर्जी से उठा रहे हैं। इसमें किसी की कोई गलती है, उनने न मुझे डांटा है न मारा है और न ही कुछ बोला है। गलती हमारी है, तो सजा हमें मिलनी चाहिए। बाबू यहां पर देखो कोई नहीं है, वो दूसरे कमरे में सो रहे हैं। हमारे बाबू खुश रहना यही दुआ है हमारी भगवान से। हमारे बाबू को कुछ मत करना, जो माता-पिता ने रिपोर्ट कर दी तो यही बोलना चाहते हैं,कि, माता जी और पिता श्री अपने पैसे बर्बाद मत करना, कोर्ट कचहरी और केस के चक्कर में। तुम्हारा घर बर्बाद हो जाएगा, तुम अपना घर बचाए रखना, बस यही कहना चाहती हूं। आई लव यू बाबू।
बता दें कि दिगौड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बछोड़ा में लोड़गंज मुहल्ले में 24 सितंबर को महिला रश्मि अहिरवार व उसके दो मासूम बच्चों के शव मिले थे। 6 साल की बेटी पूर्वी व 4 साल के बेटे हार्दिक के शव कुएं में मिले थे जबकि कुछ ही दूसरी पर रश्मि का शव भी मिला था। शुरूआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा था। तब रश्मि के परिजनों ने पति राहुल पर प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए थे और बताया था कि पति की हरकतों से तंग आकर रश्मि बच्चों के साथ मायके में आकर रह रही थी। अब दो दिनों में मृतका रश्मि अहिरवार के मौत से पहले के दो वीडियो सामने आए हैं जिसमें किसी बाबू का जिक्र है। इन वीडियो के सामने आने के बाद मामला और उलझता दिख रहा है, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।