
Nithya Menen supports child without marriage: हमारे भारत में जहां पहले महिलाओं को आदमियों से पीछे समझ जाता था वहां महिलाओं ने खुद को साबित किया और दिखाया कि वह किसी से कम नहीं हैं, लेकिन जैसे-जैसे देश और औरतें आगे बढ़ रही हैं वैसे-वैसे उनकी सोच में भी काफी बदलाव आ रहे हैं। एक ऐसी ही एक्ट्रेस है जिन्होंने एक ऐसा बोल्ड और बड़ा बयान दिया, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। उन्होंने अपनी राय रखते हुए बताया कि बच्चे के लिए शादी करना जरूर नहीं, बल्कि आजादी जरूरी है।
ये बयान जिस एक्ट्रेस ने दिया है वह कोई और नहीं बल्कि अक्सर अपनी सादगी और संजीदा एक्टिंग से दिल जीतने वाली नित्या मेनन हैं। नित्या ने रिश्तों, शादी और मदरहुड को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।
दरअसल, यह पूरा मामला कन्नड़ अभिनेत्री भावना के उस फैसले से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने बिना शादी किए मां बनने की इच्छा जाहिर की थी। जहां एक तरफ समाज का एक बड़ा वर्ग भावना की आलोचना कर रहा था, वहीं नित्या मेनन उनके समर्थन में मजबूती से खड़ी नजर आईं। नित्या का मानना है कि मां बनने के लिए शादी करना अनिवार्य नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार, यह पूरी तरह से एक महिला की अपनी पसंद है कि वह अपनी जिंदगी कैसे जीना चाहती है।
नित्या ने इंडिया ग्लिट्ज तमिल यूट्यूब चैनल को एक इंटरव्यू के दौरान कहा, "शादी के बाद प्रेग्नेंट होने की तुलना में, अगर कोई बिना शादी के मां बनना चाहता है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अगर आपको सिर्फ बच्चा चाहिए, तो जरूरी नहीं कि आप शादी के बंधन में बंधें ही।" उन्होंने आगे तर्क दिया कि आज के आधुनिक समय में बच्चे पैदा करने के कई वैज्ञानिक और कानूनी तरीके मौजूद हैं और लोग उन्हें अपना भी रहे हैं।
इंटरव्यू में जब नित्या से उनकी निजी पसंद के बारे में पूछा गया कि वह 'शादीशुदा जिंदगी' चुनेंगी या 'संतानहीन जीवन', तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब दिया। नित्या ने साफ कहा कि वह वैवाहिक संबंध तो चाहती हैं, लेकिन 'संतानहीन जीवन' (Child-free life) उनकी पहली पसंद है। उनके इस बयान ने उन रूढ़िवादी सोच रखने वालों को हैरान कर दिया है जो मानते हैं कि शादी का मुख्य उद्देश्य सिर्फ वंश आगे बढ़ाना होता है।
नित्या मेनन अब 38 साल की हो चुकी हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। एक पुराने इंटरव्यू को याद करते हुए उन्होंने बताया था कि उन पर शादी के लिए काफी दबाव बनाया गया था। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से एक ऐसा जीवनसाथी चाहती थी जिसके साथ एक खूबसूरत सफर तय कर सकूं, लेकिन मुझे अब तक वैसा इंसान नहीं मिला। मैं सिर्फ शादी करने के लिए किसी के भी साथ जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहती।"
काम की बात करें तो नित्या को आखिरी बार धनुष के साथ फिल्म ‘इडली कड़ाई’ में देखा गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा वह विजय सेतुपति के साथ भी नजर आ चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस भी शुरू किया है, जिससे साफ है कि वह अभिनय के साथ-साथ अब निर्माण के क्षेत्र में भी अपनी धाक जमाने के लिए तैयार हैं। फिलहाल, उनके इस ताजा बयान ने इंटरनेट पर 'प्रोग्रेसिव थिंकिंग' और 'परंपरा' के बीच एक लंबी चर्चा शुरू कर दी है।