Ram Charan Janhvi Kapoor: राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' आज 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म के संगीतकार एआर रहमान ने राम चरण के काम और उनके एक किसिंग सीन पर बड़ा खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने डायरेक्टर बुची बाबू को भी एक पुराने दिग्गज फिल्ममेकर शंकर से कंपेयर किया है।

Ram Charan Peddi movie release AR Rahman statements: साउथ सिनेमा के 'ग्लोबल स्टार' राम चरण और बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' को लेकर इस समय देश भर के सिनेमाप्रेमियों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का प्रीमियर 3 जून को शानदार तरीके से हुआ और आज यानी 4 जून को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
फिल्म के रिलीज होते ही ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान (AR Rahman) ने फिल्म और राम चरण के अभिनय को लेकर कुछ ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। रहमान ने साफ शब्दों में कहा कि शुरुआत में उन्हें राम चरण की एक्टिंग पर थोड़ा शक था, लेकिन फिल्म देखने के बाद वह उनके मुरीद हो गए हैं।
फिल्म की रिलीज से ठीक पहले एआर रहमान ने डायरेक्टर बुची बाबू सना के साथ एक खास प्रमोशनल वीडियो शूट किया। इस वीडियो में एआर रहमान ने बेहद ईमानदारी से अपने दिल की बात कही। उन्होंने कहा, "मैं सच कहूं तो फिल्म के कुछ बेहद भावुक दृश्यों में राम चरण के अभिनय को लेकर मेरे मन में संदेह था। मुझे डर था कि वह इस काल्पनिक किरदार के साथ न्याय कर पाएंगे या नहीं। लेकिन राम चरण ने जिस तरह से खुद को इस रोल में ढाला है और एक काल्पनिक चरित्र को अपनी आत्मा और भावनाओं से जिंदा किया है, वह मेरे लिए वाकई अद्भुत था।"
एआर रहमान ने आगे एक बेहद दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने कहा, "फिल्म में कुछ सीन ऐसे थे, जिन्हें देखकर मुझे लगा कि वह इसे कैसे करेंगे? लेकिन उन्होंने सब कुछ इतने स्वाभाविक तरीके से किया कि मैं देखता रह गया। यहां तक कि फिल्म का वो पूरा 'किसिंग सीन' भी इतना रीयल था कि मुझे लगा जैसे उन्होंने सचमुच उस पल को जिया हो। हर एक फ्रेम में साफ दिखता है कि राम चरण ने इस फिल्म के लिए कितनी खून-पसीना बहाया है।"
एआर रहमान ने फिल्म की अनोखी कहानी का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 'पेड्डी' में राम चरण का मुख्य किरदार एक साथ तीन अलग-अलग खेलों- क्रिकेट, कुश्ती और दौड़ में हिस्सा लेता है। फिल्म की मूल अवधारणा को समझाते हुए रहमान ने कहा, "यह फिल्म इंसान के हौसले और उसके दिमाग की असीमित ताकत को दिखाती है। हमारा दिमाग वैसे ही काम करता है, जैसी हम सोच बना लेते हैं। अगर आप पहले ही सोच लेंगे कि आप सिर्फ 10 किलो वजन उठा सकते हैं, तो आपका दिमाग आपकी क्षमता को वहीं रोक देगा और आप उससे ज्यादा नहीं कर पाएंगे।
वहीं, अगर आप मन में पक्का भरोसा कर लें कि आप 100 किलो वजन भी उठा सकते हैं, तो आप चमत्कार कर सकते हैं। खेल और संगीत दोनों में इसी अटूट विश्वास की जरूरत होती है। जब इंसान के मन में कोई सीमा नहीं होती, तभी वह पेड्डी जैसा इतिहास रचता है।"
प्रमोशनल वीडियो के दौरान जब डायरेक्टर बुची बाबू ने रहमान से फिल्म के डायरेक्शन पर राय मांगी, तो रहमान ने उनकी तुलना 90 के दशक के महान और ब्लॉकबस्टर फिल्ममेकर शंकर से कर दी। रहमान ने कहा, "मुझे बुची बाबू के काम में दिग्गज डायरेक्टर शंकर गारू की झलक दिखाई देती है। जैसे शंकर की फिल्म 'जेंटलमैन', 'इंडियन' और 'मुधलवन' (नायक) में नायक का एक बड़ा उद्देश्य होता था, लेकिन फिल्म पूरी तरह से कमर्शियल और मनोरंजक होती थी, यह फिल्म भी बिल्कुल वैसी ही है।"
रहमान ने आगे कहा, "यह फिल्म इसलिए अलग है क्योंकि यह स्पोर्ट्स पर आधारित है, लेकिन इसमें अपने गांव और मानवता के लिए कुछ कर गुजरने का एक नेक मकसद छिपा है। 'पेड्डी' देखते समय मुझे बिल्कुल वैसी ही भावनाएं और रोंगटे खड़े कर देने वाले पल महसूस हुए, जैसे कभी शंकर की फिल्में देखते हुए होते थे।"