टॉलीवुड

एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ में खुद की कास्टिंग पर प्रकाश राज का खुलासा, बोले- मुझे 8 बार टॉलीवुड में बैन किया गया

Prakash Raj On Varanasi: दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने हाल ही में एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' को लेकर बात की। प्रकाश राज ने खुलासा किया कि उनकी कास्टिंग को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं। क्या कुछ कहा है प्रकाश राज ने, चलिए जानते हैं।
4 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 1:07 PM IST
Prakash Raj On Varanasi
Prakash Raj On Varanasi

Prakash Raj On Varanasi: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने खुलासा किया है कि तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें अलग-अलग कारणों से आठ बार बैन किया जा चुका है। इसके बावजूद उनका कहना है कि दर्शकों के बीच उनके काम को पसंद किया जाता है और उनकी फिल्मों को रोकना किसी के बस की बात नहीं है। प्रकाश राज ने यह भी बताया कि एसएस राजामौली की आने वाली फिल्म 'वाराणसी' में उन्हें कास्ट किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अभिनेता ने ये बातें एनटीवी के टॉक शो 'पॉइंट ब्लैंक' में कहीं। यहां उनसे फिल्मों के बहिष्कार की मांग और इंडस्ट्री में बैन किए जाने को लेकर सवाल किया गया था। प्रकाश राज ने उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी का विरोध होने के बावजूद 'केजीएफ' जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। यही नहीं, 'दृश्यम 3' को लेकर भी उन्होंने कहा कि विरोध के बावजूद फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया।

'कौन फिल्मों को रोक सकता है?'

प्रकाश राज ने शो में कहा कि जब वह 'केजीएफ' का हिस्सा बने थे, तब भी कुछ लोगों ने उनके फिल्म में काम करने पर आपत्ति जताई थी। लेकिन फिल्म ने अच्छी कमाई की। अभिनेता के मुताबिक, अब 'दृश्यम 3' को लेकर भी इसी तरह की बातें हुईं, लेकिन फिल्म की कमाई ने विरोध करने वालों को जवाब दे दिया।

उन्होंने कहा, “आपने कहा कि प्रकाश राज को बैन कर दो, लेकिन फिल्म ने इससे ज्यादा कमाई कर ली। अब आप क्या करेंगे? आखिर फिल्मों को कौन रोक सकता है? ज्यादा से ज्यादा वे उन फिल्मों को रोक सकते हैं, जिन्हें मैं खुद बनाता हूं। मैं मुख्य रूप से एक अभिनेता हूं।”

प्रकाश राज ने आगे बताया कि वह इस समय एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजामौली को इस बात के लिए सवालों का सामना करना पड़ रहा है कि उन्होंने प्रकाश राज को अपनी फिल्म में क्यों लिया। अभिनेता ने सवाल किया कि आखिर इस तरह के विरोध से फिल्म को कौन रोक पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग उनके काम को जानते हैं और उन्हें पसंद करते हैं, उन्हें उनसे कोई परेशानी नहीं है।

तेलुगु इंडस्ट्री में आठ बार हो चुके हैं बैन

टॉक शो के दौरान प्रकाश राज से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में आठ बार बैन किए जाने के बारे में भी पूछा गया। उन पर कई बार गैर-पेशेवर व्यवहार करने, शूटिंग पर देर से पहुंचने और तय शेड्यूल का पालन नहीं करने जैसे आरोप लगे हैं। इस पर अभिनेता ने कहा कि हर व्यक्ति का एक जैसा होना जरूरी नहीं है। उनके मुताबिक, वह अपनी जिंदगी ईमानदारी से जीते हैं और अपने काम के तरीके के साथ आने वाली चुनौतियों का सामना करते हैं।

उन्होंने कहा, “क्या यह खूबसूरत बात नहीं है कि हर किसी को एक जैसा होने की जरूरत नहीं है? मैं इसी तरह की जिंदगी जीना चाहता हूं। क्या मैंने कोई अपराध किया है या चोरी की है? मुझे मेरे काम के आधार पर परखिए। मैं कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो तय समय पर जेल में आए और चला जाए। एक कलाकार के काम करने का तरीका अलग होता है।”

अभिनेता ने यह भी बताया कि वह पांच भाषाओं में काम करते हैं और लगातार यात्रा करते रहते हैं। ऐसे में कभी-कभी शूटिंग के समय और शेड्यूल को लेकर दिक्कतें हो सकती हैं।

2008 में पहली बार लगा था बैन

प्रकाश राज को साल 2008 में पहली बार तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बैन किया गया था। उन्हें इस तरह का प्रतिबंध झेलने वाले पहले अभिनेताओं में गिना जाता है। उनके करियर के दौरान अलग-अलग वजहों से आठ बार बैन लगाए जाने की बात सामने आई है। निर्माताओं की शिकायतों में अक्सर शूटिंग पर देर से पहुंचना, तय समय पर उपलब्ध नहीं होना और सेट पर समझौता करने से इनकार करना शामिल रहा है।

'जलसा', 'कंट्री' और 'परुगु' जैसी फिल्मों के निर्माताओं की ओर से भी उनके काम करने के तरीके को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। हालांकि, इन विवादों के बावजूद प्रकाश राज ने तेलुगु के साथ-साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में भी लगातार काम किया है।

एमएए चुनाव में भी हुआ था विवाद

प्रकाश राज का तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक बड़ा विवाद साल 2021 में मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (एमएए) के चुनाव के दौरान भी सामने आया था। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए विष्णु मांचू के खिलाफ चुनाव लड़ा था। उस दौरान विरोधी खेमे की ओर से उन्हें बाहरी बताने की कोशिश की गई थी। इसकी वजह उनका कर्नाटक में जन्म लेना बताया गया, जबकि वह लंबे समय से तेलुगु सिनेमा का हिस्सा रहे हैं।

चुनाव में प्रकाश राज को हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें चिरंजीवी जैसे बड़े कलाकारों का समर्थन भी मिला था। हार के बाद अभिनेता ने चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे।

एक्टर ने एमएए चुनावों का मुद्दा भी उठाया

टॉक शो में उन्होंने एमएए चुनावों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि संगठन के चुनाव हर दो साल में होने चाहिए, लेकिन 2021 के बाद से नए चुनाव नहीं हुए हैं। साल 2024 में जनरल बॉडी ने यह फैसला किया था कि नया एमएए कार्यालय बनने तक विष्णु मांचू और उनकी टीम पद पर बनी रहेगी। हालांकि, 2026 तक नए भवन को लेकर कोई ठोस अपडेट सामने नहीं आया है।

प्रकाश राज के ताजा बयान से साफ है कि वह अपने खिलाफ होने वाले विरोध को अपने अभिनय करियर के रास्ते में रुकावट नहीं मानते। उनका जोर इस बात पर है कि किसी कलाकार का मूल्यांकन उसके निजी विचारों या विवादों के बजाय उसके काम से किया जाना चाहिए।

Updated on:
11 Nov 2026, 1:07 PM IST
Published on:
Also Read
View All
कौन हैं अतुल्या चंद्र? जिन्हें डॉक्टर को फ्लैट पर बुलाकर मारपीठ और लूटपाट करने के आरोप में किया गया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

“शादी के एक प्रस्ताव से शुरू हुई थी खौफनाक कहानी”, जेलर 2 अभिनेत्री शमना कासिम ने खोले ब्लैकमेलिंग के राज

काव्या मारन- अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन का शाही कार्ड हुआ वायरल, देखें कौन-कौन से दिग्गज होंगे शामिल

सामंथा ने सीएम विजय को बताया अपना ‘लकी चार्म’, कहा- करियर के शिखर पर सिनेमा छोड़ना आसान फैसला नहीं

Jailer 2 Controversy: विवाद पर मोहनलाल के बॉडी डबल जॉबी कोडकारा की सफाई, बोले- फिल्म में कहीं नहीं दिखा मेरा चेहरा