टॉलीवुड

‘पुरुषों को भी काश पीरियड्स का दर्द झेलना पड़ता’, श्रुति हासन के बयान के बाद लोगों ने जमकर किया ट्रोल

Shruti Haasan On Periods: अभिनेत्री श्रुति हासन ने हाल ही में पीरियड्स के दर्द को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिसके बाद अब उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं
3 min read
Sep 19, 2026
Shruti Haasan On Periods
श्रुति हासन (फोटो सोर्स- IMDb)

Shruti Haasan On Periods: अभिनेत्री और सिंगर श्रुति हासन ने पीरियड्स और महिलाओं की सेहत से जुड़े एक ऐसे मुद्दे पर खुलकर बात की है, जिसके बारे में अक्सर सार्वजनिक तौर पर चर्चा नहीं होती। पॉडकास्ट के दौरान श्रुति ने बताया कि उन्हें पीरियड्स के दौरान काफी दर्द का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि वो PCOS यानी पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम से जूझ रही हैं। श्रुति का कहना है कि अगर पुरुष भी इस तकलीफ को महसूस कर पाते तो शायद महिलाओं की परेशानियों को समझना आसान होता। श्रुति के इस बयान के बाद अब लोगों ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है।

पीरियड्स को लेकर पुरुषों के लिए कही ये बात

सोहा अली खान के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान श्रुति हासन ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने कई बार भगवान से इच्छा की है कि पुरुषों को भी पीरियड्स हों। उनके मुताबिक अगर ऐसा होता तो शायद काम की जगहों पर महिलाओं के लिए पीरियड लीव जैसी व्यवस्था को समझना और स्वीकार करना आसान हो जाता।

श्रुति हासन के बयान पर कमेंट्स

श्रुति की बात पर सोहा अली खान ने भी सहमति जताई और मजाक करते हुए कहा कि अगर पुरुषों को पीरियड्स होते तो संभव है कि वो इस बात को भी प्रतियोगिता बना देते कि किसे ज्यादा ब्लीडिंग हुई या किसका टैम्पोन ज्यादा बड़ा है। दोनों की बातचीत में मजाक के साथ-साथ महिलाओं की एक वास्तविक समस्या पर भी चर्चा हुई।

लोगों ने किया ट्रोल

श्रुति हासन के इस बयान के बाद लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि इस तरह री बातें यूं सार्वजनिक तौर पर कहना बिल्कुल गलत है। एक यूजर ने लिखा- जो दर्द पुरुषों को झेलना पड़ता है, मैं उम्मीद करता हूं आप भी उस दर्द को फिर जरूर झेलें।

PCOS की वजह से होती है परेशानी

श्रुति ने बताया कि PCOS की वजह से उनके पीरियड्स काफी दर्दनाक होते हैं। करियर के शुरुआती दौर में वह इस विषय पर ज्यादा बात नहीं करती थीं। उन्हें लगता था कि सेट पर या काम की जगह पर लोग शायद इस तरह की व्यक्तिगत परेशानी के बारे में सुनना पसंद नहीं करेंगे।

लेकिन समय के साथ उनका नजरिया बदला। श्रुति ने बताया कि एक बार उन्होंने एक निर्देशक को अपने पीरियड्स से जुड़ी परेशानी के बारे में बताया। उस निर्देशक की बेटी को भी ऐसी ही समस्या थी। इस समान अनुभव की वजह से निर्देशक उनकी स्थिति को बेहतर ढंग से समझ पाए। श्रुति के मुताबिक उस बातचीत ने उन्हें महसूस कराया कि अपनी परेशानी बताने से सामने वाला व्यक्ति परिस्थितियों के मुताबिक काम को व्यवस्थित कर सकता है।

क्यों जरूरी मानती हैं अपनी परेशानी बताना?

श्रुति ने यह भी बताया कि जब लोग अपनी शारीरिक परेशानियों के बारे में खुलकर बताते हैं तो उनके साथ काम करने वाले लोग बेहतर तरीके से सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि उनके एक सह-कलाकार ने अपनी घुटने की सर्जरी के बारे में बताया था। इसके बाद टीम ने उसके काम को उसी हिसाब से एडजस्ट किया। इसी तरह श्रुति को लगा कि अगर वह अपने पीरियड्स के बारे में बताएंगी तो लोग उनकी स्थिति को समझकर सहयोग कर सकेंगे।

आने वाली फिल्मों में नजर आएंगी श्रुति

काम की बात करें तो श्रुति हासन को पिछली बार 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘कूली’ में देखा गया था। अब वह विजय सेतुपति के साथ फिल्म ‘ट्रेन’ में नजर आएंगी। इसके अलावा वह दुलकर सलमान के साथ ‘आकाशमलो ओका तारा’ में भी काम कर रही हैं।

श्रुति ने एसएस राजामौली की आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ के एक गाने में अपनी आवाज भी दी है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी वाराणसी शहर पर मंडराते एक बड़े खतरे और अलग-अलग समयकाल से जुड़ी घटनाओं के इर्द-गिर्द बताई जा रही है। ऐसे में फिल्मों के साथ-साथ श्रुति हासन की निजी स्वास्थ्य और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बेबाक बातचीत भी लगातार सुर्खियां बटोर रही है।

Updated on:
19 Sept 2026 04:09 pm
Published on:
19 Sept 2026 04:09 pm