
Toxic pre-release event Sound setup collapses: कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में शनिवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम था, जिसमें काफी संख्या में भीड़ जमा हुई थी। इसी बीच अचानक एक भारी-भरकम साउंड सिस्टम का खंभा गिर गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के अनुसार, जैसे ही सुपरस्टार यश अपने फैंस और छात्रों को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे थे हॉल में मौजूद भीड़ अचानक उत्साह में आ गई और उनकी एक झलक पाने के लिए कुछ छात्र वहां लगे भारी फ्लडलाइट और साउंड सिस्टम के खंभे पर चढ़ने लगे। अत्यधिक वजन और भीड़ के दबाव के कारण वह खंभा संतुलन खो बैठा और सीधे नीचे खड़े दो युवकों पर जा गिरा।
खंभा जैसे ही गिरा चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्टेज पर फैंस से बात कर रहे यश भी डर गए। इससे पहले उन्होंने उन सभी लोगों को चेतावनी दी थी जो खंभे पर खड़े होकर उनकी एक झलक देखना चाहते थे।
मंच से खड़े यश की नजर पहले ही खंभे पर चढ़ रहे युवकों पर पड़ गई थी। उन्होंने तुरंत अपना भाषण रोककर उन्हें नीचे उतरने के लिए आगाह भी किया था। वायरल वीडियो में यश को कहते सुना जा सकता है, "अरे... ज़रा संभलकर। क्या वहां सब ठीक है? कृपया जांच लें... विद्यार्थियों, सावधान रहें और नीचे उतर जाएं।" यश ने बार-बार माइक पर पूछा कि क्या सब सुरक्षित हैं, लेकिन उनके मना करने के बावजूद यह हादसा टल न सका।
घटना घटते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। घायल छात्रों को तुरंत उपचार के बाद पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, उनकी हालत को लेकर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस मेगा इवेंट में फिल्म की स्टारकास्ट कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी मौजूद थीं, जबकि नयनतारा और तारा सुतारिया कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सकीं। यह फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिलहाल, इस पूरे हादसे पर अभिनेता यश या निर्माताओं की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।