
अभिनेत्री फारिया अब्दुल्ला ने किया वीडियो शेयर (Photo Source- Instagram/fariaabdullah)
Actress Faria Abdullah broke down: साउथ सिनेमा की फेमस अभिनेत्री फारिया अब्दुल्ला (Faria Abdullah) का सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह काफी रोती हुई नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस अपनी मुस्लिम पहचान और आस्था को लेकर बात कर रही हैं। हाल ही में वह बोनम लेकर डांस करती नजर आई थीं। जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था और यही वजह है कि उन्होंने उन सभी लोगों को मुंह तोड़ जवाब दिया जो उन्हें ट्रोल कर रहे थे।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब 10 अगस्त को फारिया अब्दुल्ला ने हैदराबाद में आयोजित पारंपरिक बोनालु समारोह में हिस्सा लिया था। वह मीरालम मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री महाकालेश्वर अम्मावारी मंदिर गईं थी और वहां उन्होंने सिर पर बोनम रखकर भक्तिभाव से डांस किया था।
जैसे ही उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने लगे। कई फैंस ने उनकी सादगी की तारीफ की, तो दूसरी तरफ कुछ कट्टरपंथी सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी मुस्लिम पहचान को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए और उन्हें खरी खोटी सुनाने लगे।
ट्रोलिंग का सामना करने के बाद 15 अगस्त को फारिया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया। इस वीडियो में वह अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं। फारिया ने अपने पारिवारिक बैकग्राउंड का खुलासा भी किया और बताया, "मेरे पापा कन्वर्टेड मुस्लिम हैं। क्या आप समझते हैं इसका क्या मतलब है? उन्होंने इस्लाम अपनाया क्योंकि उन्हें यह धर्म पसंद आया था।" फारिया ने साफ किया कि उन्होंने बचपन से हमेशा इस्लाम के खूबसूरत पहलुओं को देखा और सीखा है।"
फारिया ने आगे बताया कि कुछ लोग उन्हें 'काफिर' कह रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वह गलत रास्ते पर जा रही हैं। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह नफरत के बदले भी प्यार भेजती रहेंगी। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें पेड़, पत्थर और तितलियों समेत अपने आसपास की हर चीज में ईश्वर और जिंदगी नजर आती है। यह कहते-कहते फारिया की आंखें छलक आईं और वह रोने लगीं।
फारिया ने रोते हुए कहा, "मैं अपने प्यार को लेकर आक्रामक हूं और रहूंगी। उन सभी लोगों को भी प्यार भेजूंगी, जो मुझसे नफरत कर रहे हैं, क्योंकि मेरे मुझे मेरे दिल की सच्चाई पर भरोसा है। प्यार, एकता और शांति की कामना को मैं 'बगावत' और 'क्रांति' मानती हूं।
वीडियो के आखिर में फारिया ने बचपन की एक याद शेयर की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी मां से पूछा था कि अल्लाह का मतलब क्या है? उनकी मां ने जवाब दिया था, "इसका मतलब रोशनी है। इसका मतलब हर जगह, सब कुछ, एक साथ है।" फारिया का यह भावुक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग उनके समर्थन में उतर आए हैं।
Updated on:
16 Aug 2026 07:16 am
Published on:
16 Aug 2026 07:09 am
