
Udhayanidhi Stalin Trisha Krishnan comment: तमिलनाडु के पूर्व उप मुख्यमंत्री और अभिनेता उदयनिधि स्टालिन का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है जिसके चलते वह विवादों में आ गए हैं। वह तंजावुर में आयोजिक एक सभा में कावेरी नदी के पानी के मुद्दे पर बात कर रहे थे तभी उन्होंने तमिल भाषा में ऐसा कुछ कह दिया जिसका लोग डबल मिनिंग निकाल रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने यह एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के लिए कहा है। उनके इस बयान से सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया आ रही है। आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला...
उदयनिधि स्टालिन कावेरी पानी के मुद्दे पर बात कर रहे थे और तमिल में उन्होंने कहा, “हमारे CM कावेरी पानी के मुद्दे पर अपना मुंह नहीं खोल रहे हैं। उन्हें DMK पर झूठे केस लगाने की ज्यादा चिंता है,” अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए। जब ऑडियंस में से किसी ने तृषा का नाम लिया, तो वह मुस्कुराए और बिना नाम लिए पानी शब्द का इस्तेमाल किया। आगे उन्होंने कहा मेरा मतलब कावेरी से था और उनके आस-पास के लोग हंसने और चिल्लाने लगे। इसी टिप्पणी को सोशल मीडिया पर कई लोग तृषा से जोड़कर देख रहे हैं।
उदयनिधि का यह वीडियो जैसे ही सामने आया सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने उदयनिधि के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि किसी महिला के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। कुछ लोगों ने इसे अभद्र और आपत्तिजनक बताया, जबकि कई यूजर्स ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए।
एक यूजर ने लिखा कि हजारों लोगों के सामने किसी अभिनेत्री के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना गलत है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी नेता की छवि के अनुरूप नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान दिखाना हर सार्वजनिक प्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। वहीं एक ने लिखा, "जब तुम इतनी तमीज़ से बात कर रहे थे, तो वह तमीज़ कहां चली गई?"
वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि उदयनिधि का बयान कावेरी नदी के पानी को लेकर था और सोशल मीडिया पर उसे अलग तरह से पेश किया जा रहा है। ट्रोलिंग के बाद इस पूरे विवाद पर उदयनिधि स्टालिन की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है। अभिनेत्री तृषा कृष्णन और अभिनेता विजय ने भी इस मामले पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब तृषा का नाम किसी राजनीतिक विवाद में सामने आया हो। इससे पहले भी अभिनेता विजय के साथ उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की अफवाहें सामने आ चुकी हैं। इसी साल तमिलनाडु बीजेपी के एक नेता ने भी विजय और तृषा को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद तृषा की कानूनी टीम ने आपत्ति जताई थी।