टॉलीवुड

कौन हैं अतुल्या चंद्र? जिन्हें डॉक्टर को फ्लैट पर बुलाकर मारपीठ और लूटपाट करने के आरोप में किया गया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Malayalam Actor Athulya Chandra Arrested: मलयालम इंडस्ट्री की इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है कि दो कलाकारों को केरल से गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही एक्टर्स पर डॉक्टर को फ्लैट पर बुलाकर लूटपाट और मारपीट करने का आरोप है। जानें क्या है पूरा मामला।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 6:52 AM IST
Who Is Athulya Chandra
अतुल्या चंद्र (फोटो सोर्स- IMDb)

Who Is Athulya Chandra: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री अतुल्या चंद्रा इन दिनों एक आपराधिक मामले को लेकर चर्चा में हैं। केरल के कोच्चि में एक युवा डॉक्टर के साथ कथित मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ने अतुल्या चंद्रा और अभिनेता-निर्माता बिबिन पेरुमपिल्ली को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कुल 12 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोप है कि डॉक्टर को मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर एक अपार्टमेंट में बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और कीमती सामान छीन लिया गया।

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 2 नवंबर 2026 को कोच्चि के पोनुरुन्नी इलाके में स्थित एसेन स्प्रिंगडेल अपार्टमेंट की है। बताया गया है कि अतुल्या चंद्रा और बिबिन पेरुमपिल्ली समेत कुछ लोगों ने एक युवा डॉक्टर को फोन करके अपार्टमेंट में बुलाया था। डॉक्टर को बताया गया कि अतुल्या की एक रिश्तेदार की तबीयत खराब है और उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर की जरूरत है।

डॉक्टर अतुल्या को पहले से जानते थे, इसलिए उनके बुलाने पर अपार्टमेंट पहुंच गए। हालांकि, वहां पहुंचने के बाद उन्हें करीब 12 लोग मौजूद मिले। डॉक्टर की शिकायत के मुताबिक, इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई।

मारपीट के साथ मोबाइल और दूसरे सामान लूटने का आरोप

डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बिबिन पेरुमपिल्ली ने उन्हें थप्पड़ मारे और पसलियों के पास घूंसे भी मारे। इस दौरान वहां मौजूद दूसरे लोगों ने भी कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। शिकायत में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और वायरलेस ईयरफोन छीनने का आरोप भी लगाया गया है। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में छीने गए सामान की कीमत करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।

डॉक्टर का यह भी आरोप है कि अतुल्या चंद्रा ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, उन्हें कहा गया कि उन पर रिश्तेदार को नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न की कोशिश करने का मामला दर्ज कराया जा सकता है। फिलहाल ये सभी आरोप हैं और मामले की जांच पुलिस कर रही है।

कौन हैं अतुल्या चंद्रा और बिबिन पेरुमपिल्ली?

अतुल्या चंद्रा दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुकी अभिनेत्री हैं। वह मलयालम के अलावा अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी नजर आई हैं। उनके फिल्मी काम में 'डियस ईरा', 'गानगंधर्वन' और 'उयिर' जैसी फिल्मों का नाम शामिल है। वहीं, बिबिन पेरुमपिल्ली अभिनेता होने के साथ निर्माता भी हैं। वह 'लोका', 'किंग ऑफ कोठा', 'सीतारामम', 'रोषाक' और 'आशान' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं।

पुलिस कर रही है बाकी आरोपियों की तलाश

कडवंतरा पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एफआईआर में बिबिन पेरुमपिल्ली को पहला और अतुल्या चंद्रा को तीसरा आरोपी बताया गया है। इनके अलावा 10 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी भी आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।

Updated on:
6 Nov 2026, 6:52 AM IST
Published on: