
Transgender actress Deepthi Kalyani create Nayanthara look: साउथ सिनेमा की 'लेडी सुपरस्टार' नयनतारा के सिग्नेचर अंदाज- सॉलिड रंगों की साड़ियां, बोट-नेक ब्लाउज, मिनिमल ज्वेलरी और स्लीक हेयरस्टाइल हमेशा से फैंस को आकर्षित करता रहता है। सालों से लोग उनके लुक्स और हाव-भाव की कॉपी करते आए हैं, और इसी कड़ी में केरल की ट्रांसजेंडर मॉडल, डांसर और अभिनेत्री दीप्ति कल्याणी का नाम भी जुड़ रहा है। नयनतारा के कपड़ों व स्टाइल से प्रेरणा लेने के साथ-साथ दीप्ति ने उनके मंदिर जाने जैसे खास पलों को भी रीक्रिएट किया है। उनके हाल ही के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, जिसके चलते लोग उनके बैकग्राउंड और करियर बनाने के लिए संघर्ष भरे सफर के बारे में बात कर रहे हैं।
दीप्ति कल्याणी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ वीडियो शेयर किए। जिसमें वह अभिनेत्री नयनतारा के लुक को रि-क्रिएट कर रही है। मंदिर हो या कहीं आना-जाना वह नयनतारा के लुक को कॉपी करती हैं और वैसी ही साड़ी पहनती हैं। जैसे ही उनके वीडियो सोशल मीडिया पर आए लोगों ने कमेंट की लाइन लगा दी। लोग उन्हें नयनतारा 2 कहने लगे। लेकिन इन सबके बाद भी उनकी जिंदगी ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है।
केरल के त्रिशूर जिले के गुरुवायूर से ताल्लुक रखने वाली दीप्ति कल्याणी की जिंदगी का शुरुआती दौर बेहद चुनौतियों भरा रहा है। 2021 में मलयालम टेलीविजन शो 'रेड कार्पेट' के एक एपिसोड में उन्होंने शेयर किया था कि बचपन में उन्हें अपनी पहचान के चलते बुलीइंग और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा था। उनके मुताबिक, उन्हें छेड़छाड़ और मारपीट झेलनी पड़ी थी, परिवार ने भी उन्हें स्वीकार करने से मना कर दिया था। उन्हें फिर घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। आश्रय न होने के कारण उन्होंने कई हफ्तों तक गुरुवायूर बस स्टैंड पर अखबार बिछाकर रातें गुजारीं थी।
दीप्ति ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी के लिए काम ढूंढने और रकम जुटाने में आई कठिनाइयों का भी जिक्र किया था। काम न होने के कारण उन्हें भीख मांगनी पड़ी और सर्जरी के लिए पैसे बचाने के उद्देश्य से कई ऐसे काम करने पड़े थे जो उन्हें पसंद नहीं थे। जिंदगी में बदलाव तब आया जब ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट शीतल से उनकी मुलाकात हुई और उन्होंने दीप्ति को बेंगलुरु जाने में मदद की।
दीप्ति कल्याणी ने मलयालम टीवी शो 'रेड कार्पेट' और 'सूर्यजोड़ी नंबर 1' में काम किया है, साथ ही 2018 की मलयालम फिल्म 'सुवर्णा पुरुषन' में भी नजर आईं है। वह कई मैगजीन फोटोशूट का हिस्सा भी रही हैं। सोशल मीडिया पर वह नियमित रूप से डांस वीडियो, तस्वीरें और शॉर्ट क्लिप्स शेयर करती हैं, जहां इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 3.07 लाख फॉलोअर्स हैं। नयनतारा से प्रेरित साड़ी, हेयरस्टाइल और मेकअप वाले उनके रीक्रिएशन वीडियो ने उन्हें नई पहचान दिलाई है।
हालांकि, बढ़ती लोकप्रियता के बीच उन्हें विरोध और ऑनलाइन नकारात्मकता का सामना भी करना पड़ा। इसी साल की शुरुआत में, दीप्ति की शिकायत पर त्रिशूर सिटी साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धन्या एसआर (ऑनलाइन 'हेलेन ऑफ स्पार्टा' के रूप में चर्चित) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दीप्ति और उनके परिवार को निशाना बनाते हुए कथित अपमानजनक टिप्पणियों व मानहानिकारक सामग्री से जुड़ी थी।