
मालपुरा. गणवर गांव में शनिवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गांव की चरागाह व आबादी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया गया।
चरागाह व आबादी भूमि पर अतिक्रमण से परेशान ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने व ग्रामीणों की ओर से बार-बार मिल रही शिकायतों पर हरकत में आए नायब तहसीलदार श्योजीराम प्रजापत, गिरदावर रामलाल जांगिड़, एएसआई सियाराम विश्नोई, सरपंच अम्बालाल मेघवंशी मौके पर पहुंचे तथा जेसीबी की सहायता से लगभग 40 बीघा चरागाह व लगभग पांच बीघा आबादी भूमि को अतिक्रमियों से मुक्त कराया।
अतिक्रमण हटवाओ: तिलांजू ग्राम पंचायत की सरपंच प्रियंका नरूका ने ग्राम पंचायत में बढ़ते अतिक्रमणों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई करने की मांग की है। सरपंच ने बताया कि अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कलक्टर, उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार को कई बार लिखित में सूचना दी गई है, लेकिन कार्रवाई नहीं किए जाने से अतिक्रमियों के हौंसलें बुलंद हो रहे हंै। अतिक्रमण के चलते पशु चिकित्सालय व सहकारी समिति भवनों का निर्माण कराने के लिए भूमि का आवंटन नहीं हो रहा है।
नहर को दुरुस्त कराने की मांग
टोंक. विधायक अजीत मेहता ने शनिवार को बमोर पहुंचकर लोगों के अभाव अभियोग सुने। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने चंदलाई बांध से निकल रही नहर की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। विधायक मेहता ने सुन्दर नगर स्थित बैरवा बस्ती में जन सुनवाई कर लोगों की समस्याएं जानी। इस बीच किसानों ने चंदलाई बांध से निकल रही नहर को दुरुस्त कराने की मांग की।
विधायक के निर्देश पर सम्बन्धित अभियन्ताओं ने एक करोड़ 76 लाख का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा। दूरभाष पर उन्होंने सम्बन्धित मंत्री से बात कर नहर की मरम्मत कराने के लिए राशि स्वीकृत कराने को कहा। इससे पहले विधायक ने बमोर गांव में विभिन्न हादसों में मरे लोगों के घर पहुंचकर परिजनों को सान्त्वना दी। इस मौके पर प्रधान जगदीश गुर्जर, विधानसभा विस्तारक अनिल भोमिया, मेहंदवास देहात मण्डल अध्यक्ष चौथमल विजय, छीतर पटेल, हनुमान सैनी अािद मौजूद थे।