टोंक

सुलगता रहा मालपुरा, प्रशासन ने लगाया करफ्यू, इंटरनेट सेवा बंद

मालपुरा. कस्बे मेंं शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकलने के दौरान बिगड़े माहौल एवं दुकानों में आगजनी की घटना होने के बाद प्रशासन ने बेमियादी करफ्यू लगा दिया।
2 min read
• •
Updated: 25 Aug 2018, 12:36 PM IST
आगजनी
मालपुरा में आगजनी के बाद दुकानों के बाहर बिखरा सामान।

मालपुरा. कस्बे मेंं शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकलने के दौरान बिगड़े माहौल एवं दुकानों में आगजनी की घटना होने के बाद प्रशासन ने बेमियादी करफ्यू लगा दिया। प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण में लेने के लिए फ्लैग मार्च किया। मामले में अब तक 18 जने हिरासत में लिए जा चुके है। वहीं पहचाने गए आरोपियों के घरों में दबिश दी जा रही है। शहर में तनाव के बाद से ही प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर अनावश्यक खबरों को रोकने के लिए सम्पूर्ण उपखण्ड क्षेत्र में शुक्रवार को दूसरे दिन भी इंटरनेट सेवा बंद रही।

पुलिस ने शांति व्यवस्था को लेकर दिनभर गश्त करते हुए लोगों को अपने घरों में रहने की चेतावनी दी। लोग जैसे ही घरों के बाहर बैठते पुलिस उनको अपने घर के अन्दर बैठने की हिदायत देती रही। लावा, डिग्गी, लाम्बाहरिसिंह, पचेवर क्षेत्र में इंटरनेट बंद रहने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ी।

एसटीएफ व वज्र टीम पहुुंची
सुरक्षा को लेकर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोरधनलाल सोकरिया, एएसपी लोकेश सोनवाल जयपुर, टोंक वृताधिकारी डॉ. हरिप्रसाद सोमानी, केकड़ी उपखण्ड अधिकारी शंकरलाल सैनी, वृत के सभी थाना प्रभारी मय जाप्ते, निवाई, पीपलू, देवली के थाना प्रभारियों, दो आरएसी बटालियान, हाडीरानी बटालियन, वज्र व एसटीएफ के लगभग 500 से अधिक जवानों को तैनात किया गया।

बाजार रहे बंद
घटना को लेकर मालपुरा में बाजार बंद रहे। सुबह जैसे ही दुकानदारों ने दुकानें खोलने का प्रयास किया तो हिन्दुवादी संगठनों के युवकों ने बाजार को बंद करवा दिया। घटना के विरोध में डिग्गी में भी बाजार बंद रहे।

सुरक्षित घर पहुंचाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा पर पथराव के भागे कांवडिय़ों में से कुछ अल्पसंख्यक समुदाय के घरों में भी बचने के लिए छुप गए थे, जिन्हें सुरक्षित रखा गया। पुलिस जाप्ता आने पर मुस्लिम समाज ने सुरक्षित घर पहुंचाया।

कांवड़ में घुस गए थे उत्पाती
कांवड़ यात्रा में पथराव से कुछ देर पहले की कुछ उत्पाती युवक शामिल हो गए थे। कांवड़ यात्रा को पुलिस ने रोका व समझाया था। कांवड़ यात्रियों की पुलिस से झड़प भी हुई। फिर भी कांवड़ यात्री नहीं माने और मोहल्ला सादात की ओर चले गए। इससे हालात और बिगड़ गए।

चार जगह से आई दमकल
करीब आधा दर्जन दुकानों एवं गोदाम में आग लगाए जाने पर प्रशासन ने केकड़ी, जयपुर, टोडारायसिंह एवं टोंक से दमकल बुलवाई, जो शाम तक आग बुझाने में लगी हुई थी। लोगों ने अपने निजी टैंकरों से भी आग बुझाने में सहयोग किया। इधर, प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर आस-पास की दुकानें खाली करवा ली। कफ्र्यू की घोषणा के दौरान रोडवेज बस स्टैण्ड पर फंसी बस को पुलिस सुरक्षा में डिग्गी रोड स्थित पेट्रोल पम्प तक छोड़ा गया। इसके बाद से आवागमन बंद हो गया। टोंक आगार को एक दिन में एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

Published on: