
चुनाव में प्रशासन कर रहा जांच, चोर कर गए दुकान साफ, व्यापारियों ने जताई नाराजगी, सौंपा ज्ञापन
राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 में पुलिस के साथ प्रशासन की टीम प्रत्येक वाहन तथा रात के समय संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। इसके बावजूद जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बमोर पुलिया के समीप मुख्य मार्ग पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।
इससे श्रीव्यापार मंडल बमोर रोड समेत क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। इसके चलते उन्होंने बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इसमें बताया कि मंगलवार रात चोरों ने बमोर रोड मुख्य मार्ग स्थित इलेक्ट्रीक्स की दुकान का शटर तोडकऱ चोर 80 हजार रुपए की नकदी, 6 हजार की रेजगारी, 25 बंडल कॉपर वायर, 7 पंखे समेत अन्य बिजली का सामान ले गए।
चोरों ने पहले कटर नुमा किसी औजार से शटर काटा और बाद में उसे अलग कर दिया। इसके बाद वे अंदर घुसे। इसमें सम्भावनाएं जताई जा रही है कि चोर अपने साथ वाहन लाएं होंगे। जिसमें सामान भरकर ले गए। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय लगातार जांच चल रही है।
बाइक पर आने-जाने वाले से भी पूछताछ की जाती है। लेकिन हाईवे किनारे मुख्य मार्ग पर ही चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस व प्रशासन की जांच भी संदेह के घेरे में आ रही है। उन्होंने मामले में पुख्ता कार्रवाई करने की मांग की है।
लगातार हो रही चोरियां
व्यापार मंडल के राजेश मूमिया, रमेश सैनी, जमील मियां, अब्दुल वाहीद, मोहम्मद आशिक, गिर्राज, नईम, सिराज, फैजान, ताराचंद साहू, जावेद, हेमराज महावर आदि ने बताया कि 2 महीने में चोरी की चौथी वारदात है। इससे पहले भी किराना समेत अन्य दुकानों से चोर सामान पार कर ले गए। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।