टोंक

अच्छी खबर: झमाझम बारिश के बाद त्रिवेणी के गेज ने पकड़ी रफ्तार, बीसलपुर बांध में 8 सेमी आया पानी

Bisalpur Dam Today Update : जयपुर, अजमेर व टोंक जिले की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध में 8 सेमी पानी की आवक हुई है। केचमेंट एरिया में हुई बरसात के चलते बांध के गेज में तेज गति से बढ़ोतरी होने की सम्भावना है।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2025, 8:11 PM IST
Bisalpur Dam
बीसलपुर बांध : फोटो पत्रिका

Bisalpur Dam Today Update : टोंक। जयपुर, अजमेर व टोंक जिले की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध में 8 सेमी पानी की आवक हुई है। केचमेंट एरिया में हुई बरसात के चलते बांध के गेज में तेज गति से बढ़ोतरी होने की सम्भावना है। केचमेंट एरिया में पड़ने वाले भीलवाड़ा जिले में बीते 24 घंटों से लगातार जारी झमाझम बारिश को लेकर त्रिवेणी के गेज में बुधवार दोपहर दो बजे तक तीन मीटर तक बढ़ोतरी दर्ज होकर गेज 5.10 मीटर तक चल पड़ा है। शाम 6 बजे तक 8 मीटर के पार चला गया। ऐसे में बीसलपुर बांध में गुरुवार अलसुबह तक तेज गति से पानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

बीसलपुर बांध परियोजना के अधिशासी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि बांध क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान कुल 8 सेमी पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जो पानी की आवक फिलहाल बांध के निकटवर्ती क्षेत्र में हुई बारिश से हुई है। इससे बांध का गेज बुधवार सुबह तक जलापूर्ति व वाष्पीकरण के दौरान होती निकासी के बाद गेज 312.64 आर एल मीटर दर्ज किया गया है। इसमें 20.722 टीएमसी का जलभराव हो चुका है। जो शाम 4 बजे तक फिर से 3 सेमी की बढ़ोतरी के गेज 312.67 आर एल मीटर हो गया।

इसी प्रकार बांध के जलभराव में सहायक भीलवाड़ा जिले के बिगोद स्थित त्रिवेणी का गेज बुधवार सुबह 6 बजे तक 50 सेमी की बढ़ोतरी के साथ 2.40 मीटर दर्ज किया था। जो दोपहर 2 बजे तक 2.70 मीटर की बढ़ोतरी के साथ 5.10 मीटर पर पहुंच गया है। शाम 6 बजे त्रिवेणी का गेज 8 मीटर पर पहुंच गया है।

बंसल ने बताया कि भीलवाड़ा जिले में हुई तेज बारिश से बनास नदी के त्रिवेणी संगम पर बढ़े गेज का पानी बीसलपुर बांध तक पहुंचने में अभी लगभग 10 से 12 घंटे का समय लगने की सम्भावना है। बांध क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान कुल 70 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सीजन की अब तक कुल 267 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है।

केचमेंट एरिया की स्थिति

बीसलपुर बांध के केचमेंट एरिया में पड़ने वाले भीलवाड़ा जिले में बीते 24 घंटे के दौरान मानसून की मेहरबानी से लगातार जारी है। झमाझम बारिश के दौर को लेकर बांध के जलभराव में सहायक भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ स्थित गोवटा बांध की चादर चल चुकी है। कोठारी बांध छलकने के कगार पर पहुंच चुका है।

बनास नदी की सहायक बैडच व मेनाली नदियां ऊफान पर है। जेतपुरा पुलिया के ऊपर पांच फीट तक पानी का बहाव चल चुका है। जिनका पानी भी बनास नदी में मिलकर बीसलपुर बांध का गेज बढ़ाएगा। हालांकि अजमेर जिले में खारी व डाई नदियों से अभी तक पानी की आवक नगण्य बनी हुई है।

Updated on:
2 Jul 2025, 8:11 PM IST
Published on: