
झालावाड़ में भारी बारिश: फोटो पत्रिका
खानपुर (झालावाड़)। कहते हैं कि जन्म, मरण और परण यानी जीव का जन्म लेना, उसकी मृत्यु ओर विवाह ये तीनों चीजें मनुष्य के जीवन का अभिन्न अंग हैं और इन्हें प्रभु के हाथ में यानी भाग्य के अधीन माना जाता है। कुछ ऐसे ही दो नजारे बुधवार को बाढ़ के कई फीट पानी से घिरे खानपुर उपखण्ड के गोलाना कस्बे में देखने को मिले।
जानकारी के अनुसार आगामी छह जुलाई को गोलाना कस्बे के निवासी जंगम परिवार के एक युवक का विवाह होना है। ऐसे में विवाह पूर्व होने वाली माता पूजन के लिए बुधवार को मुहूर्त निकला था। बुधवार सुबह तेज बारिश होने से गोलाना कस्बा तीन से पांच फीट पानी में घिर गया।
लेकिन, शुभ मुहूर्त के चलते परिजनों ने पानी के बहाव के बीच ही माता पूजन की परम्परा निभाई और कमर तक पानी में दूल्हे के साथ परिवार की महिलाएं गीत गाती ओर नाचती माताजी पूजने पहुंची। इस नजारे को कई लोगों ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वहीं गोलाना में ही युवाओं ने अपने परिवार के तीन वर्षीय बालक हिमांक गौतम के चौथे जन्मदिन का जश्न पानी के बीच स्टूल पर रखे केक को काटकर मनाया। जो भी दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
जिले के खानपुर, असनावर,पनवाड़ सहित कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से खेत जलमग्न हो गए। ऐसे में हाल में किसानों ने सोयाबीन सहित अन्य फसलों की बुवाई की है उनके खराब होने का डर बना हुआ है। किसानों का कहना है कि जिन किसानों ने फसलों का बीमा करवा रखा है, ऐसे में उनकी फसलों को इस परेशानी को भी शामिल करना चाहिए।
Updated on:
2 Jul 2025, 7:00 PM IST
Published on:
2 Jul 2025, 7:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.