टोंक

Rajasthan Nikay Election: राजस्थान निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा-कांग्रेस, दावेदार होने लगे एक्टिव

Rajasthan Urban Local Body Election: नगर निकायों के चुनाव को लेकर हालांकि अभी कोई घोषणा नहीं हुई है, फिर भी भाजपा-कांग्रेस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
2 min read
Mar 30, 2026
Congress High Command Displeased with Senior MP Leaders
Congress High Command Displeased with Senior MP Leaders - पत्रिका फाइल फोटो

टोंक। राजस्थान में होने वाले नगर निकायों के चुनाव को लेकर हालांकि अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई है, फिर भी भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग ने भी वोटर लिस्ट को लेकर काम तेज कर दिया है। दाेनों दलाें के नेता और कार्यकर्ता रणनीति बनाने में जुट गए है। वह अपनी-अपनी पार्टियों के नेता जनता के बीच जाकर अपने-अपने वादे भी कर रहे है।

पार्षद बनने के दावेदार नेता भी अभी से टिकट की लॉबिंग में लग गए है। इसके लिए वे अपने बड़े नेताओं के यहां हाजिरी भी लगा रहे है ताकि नगर निकाय चुनाव आने पर वे टिकट ले सकें। वैसे जब तक आरक्षण लॉटरी नहीं निकलेगी तब तक ये दावेदार कई वार्ड में निगाह जमाए बैठे है।

124 मतदान केंद्रों पर प्रगणक नियुक्त

नगर परिषद टोंक के आगामी चुनाव के लिए निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप पर रविवार को सभी प्रगणक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहे और दावे-आपत्तियां प्राप्त की।

नगर परिषद के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम टोंक हुक्मीचन्द रोहलानिया ने बताया कि अर्हता 1.1.2026 के संदर्भ में नगर परिषद चुनाव हेतु निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद क्षेत्र के सभी 60 वार्डों के 124 मतदान केंद्रों पर प्रगणक नियुक्त किए गए हैं।

दावे-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 अप्रेल

उन्होंने बताया कि 25 मार्च को नगर परिषद कर्मचारियों एवं प्रगणकों द्वारा वार्ड सभाओं का आयोजन कर निर्वाचक नामावलियों का पठन किया गया और इन्हें आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराया गया।

एसडीएम ने बताया कि दावों और आपत्तियों की अगली विशेष तिथि 5 अप्रेल निर्धारित की गई है, जबकि दावे-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 अप्रेल रहेगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 22 अप्रेल को किया जाएगा।

मतदाता बने 18 साल के युवा

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान निर्वाचक नामावली अर्हता 1.1.2025 के अनुसार तैयार की गई थी। इस बार पुनरीक्षण अर्हता 1.1.2026 के संदर्भ में किया जा रहा है। ऐसे मतदाता जिनकी आयु 1.1.2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो गई है और जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम निर्वाचक नामावली में पंजीकृत करवा सकते हैं।