टोंक

आबादी क्षेत्र में नमदा फैक्ट्री में लगा बॉयलर फटा, उलहाना देने पर धारधार हथियार लेकर लोग हुए आमने-सामने

फैक्ट्री में लगा बॉयलर अचानक फट गया। इससे टीनशेड, ईंटों के टुकड़े समेत अन्य सामान उछलकर दूसरों के घरों पर जा गिरे।  
2 min read
• •
Updated: 18 Apr 2018, 8:28 AM IST
 नमदा फैक्ट्री
टोंक के पंचकुइया क्षेत्र स्थित नमदा फैक्ट्री में फटा बॉयलर,  सूचना के बाद पहुंचे पुलिसकर्मी।

टोंक. पुरानी टोंक क्षेत्र के रामद्वारा के पास एक फैक्टी्र में लगे बॉयलर फटने का उलाहना देने के मामले में मंगलवार सुबह दो पक्षों में मारपीट हुई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर चार जनों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार पंचकुईया दरवाजा के पास स्थित कॉलोनी में बाबू खां पुत्र अल्लादिया की नमदे की फैक्ट्री है।

मंगलवार सुबह फैक्ट्री में लगा बॉयलर अचानक फट गया। इससे टीनशेड, ईंटों के टुकड़े समेत अन्य सामान उछलकर दूसरों के घरों पर जा गिरे। इस बीच वहीं के अशोक धोबी के बॉयलर फटने का उलाहना देने के बाद दो पक्षों के लोग तलवारे, गंडासे आदि धारधार हथियार लेकर आमने-सामने आ डटे।

इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, एसटी, एससी सेल पुलिस उपाधीक्षक अशोक बुटोलिया, शहर कोतवाल अशोककुमार, पुरानी टोंक थाना प्रभारी सत्यनारायण आदि मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही अधिकतर लोग मौके से भाग छूटे। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया है।

मोहल्ले के लोगों का कहना था कि इससे पहले भी इसी फैक्ट्री में दो बार बॉयलर फटने से हादसा हो चुका है। इधर, शहर कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि मामले में चार जनों का हिरासत में लिया गया है। फैक्ट्री वैद्य है या फिर वैद्य इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शान्ति बनी हुई है।

आग से पेड़ जलकर राख
बंथली. दूनी कस्बा स्थित नहर के पास एक बाड़े में अचानक आग लगने से दर्जनों बबूल के पेड़ जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने कुओं पर मोटरे चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में देवली से पहुंची दमकल ने आग पर पुरी तरह काबू पाया।

थाना एएसआई बालकिशन शर्मा ने बताया कि आग जीएसएस अध्यक्ष मोतीलाल मेहरा के बाड़े में लगी। अचानक लगी आग के बाद करीब एक दर्जन से अधिक बबूल के पेड़ धूं-धूंकर जलने लगे। इस दौरान खेत पर कार्य कर रहे लोगों ने कुओं पर मोटरें चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया बाद में पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।

Published on: