
निवाई. निकटवर्ती लुहारा गांव में एक वृद्धा पर बदमाश चाकुओं से हमला कर उसके कानों के टॉप्स एवं नकदी ले गए। वृद्धा की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में दशहत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि लुहारा निवासी भंवर कंवर (75) पत्नी किशनसिंह गांव में अकेली रहती थी।
उसका बेटा जयपुर में काम करता है। शनिवार रात हुई वारदात में वृद्धा के घायल होने की सूचना पड़ोसियों ने रविवार सुबह पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल भंवर कंवर को राजकीय सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गम्भीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। उपचार के दौरान सवाईमानसिंह अस्पताल में भंवर कंवर की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घायल भंवर कंवर का मंगलसूत्र गायब है। उसने हाथ में चांदी की अंगूठी एवं पैर में पायजेब है। मृतका के पुत्र नाथूसिंह एवं पड़ोसी पावदान सिंह राजावत ने बताया कि भंवर कंवर गांव में अपने घर पर ही दुकान लगाती थी।
रविवार सुबह दो बालिकाएं नहाने के लिए शेम्पू एवं चाय पत्ती लेने गई थी। उन्होंने भंवर कंवर को खून में लथपथ देखकर लोगों को बताया। इस दौरान मंगलसूत्र के अलावा कानों के टॉप्स एवं करीब 25 हजार की नकदी भी गायब मिली। पुलिस ने जयपुर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
दहशत का माहौल
भंवर कंवर की जयपुर में मौत की खबर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उसके घर पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं पिछले दिनों गांव में हुई चोरियों का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति रोष देखा
गया।
लुहारा बना पुलिस छावनी
लुहारा में घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार, पुलिस वृत्ताधिकारी सुनिल कुमार, थाना प्रभारी रामजीलाल, बरोनी थाना प्रभारी हीरालाल, दत्तवास थाना प्रभारी दयाराम चौधरी एवं एफएसएल टीम के विनोद कुमार सहित पुलिस के अधिकारी एवं जवान पहुंचने पर लुहारा गांव पुलिस छावनी बन गया।
लुहारा में वृद्धा की चाकुओं के हमले से मौत के बाद एफएसएल टीम की ओर से नमूने लेने के दौरान चारपाई के पास खूने में सना मंगलसूत्र पुलिस को मिला है। पुलिस लोगों से पूछताछ करके मामले की जांच कर रही है। जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।
रामजीलाल, थाना प्रभारी, निवाई
तलवार के हमले से युवक घायल
देवली. शहर की प्रताप कॉलोनी स्थित बोरड़ा गणेश रोड पर रविवार दोपहर तलवार के हमले से एक युवक घायल हो गया, जिसे बाद में चिकित्सकों ने कोटा रैफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में उत्तम विश्वास ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें बताया कि शनिवार रात ही उसका पुत्र चन्द्रशेखर गुजरात से आया था। रविवार दोपहर वह अपने तीन-चार साथियों के साथ गणेश रोड पर मोक्षधाम के समीप बैठा था। इस दरम्यान अर्जुन सिंह तलवार लेकर आया तथा चन्द्रशेखर पर तलवार से हमला कर घायल हो गया। वहीं हमले के बाद मौके पर सनसनी मच गई।
इस दौरान दर्जनों लोगों एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को लेकर पुलिस थाने पहुंचे। जहां से पुलिसकर्मी घायल को राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कोटा रैफर कर दिया।