
टोडारायसिंह. कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि मूलभूत समस्याओं को कांग्रेस के एजेण्डे में शामिल किया जाएगा। डॉ. चन्द्रभान गुरुवार को बनकाखेड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जलापूर्ति योजना फ्लॉफ होना प्रशासन की निष्क्रियता है। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार की खामियां गिनाई। इस दौरान डीआर किशन फगोडिय़ा, रामदयाल सुवालका, ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रसाद साहू, हेमराज चौधरी, सुरेश शर्मा, हेमन्त शर्मा आदि मौजूद थे।
विफलताओं को उजागर करे
बनेठा .बालाजी के बाग परिसर में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं की बैठक डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर ने कहा कि सेवादल का कार्यकर्ता अनुशासित कार्यकर्ता है। जो संगठित होकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर कर जनजन तक पहुंचाने का कार्य करें। सेवादल के ब्लाक मुख्य संगठक देवकिशन गुर्जर, सुरेश कुमार, मुकेश जांगिड़, दिनेश देवन्दा ने भी विचार व्यक्त किए।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति की आमसभा
मालपुरा. क्रय विक्रय सहकारी समिति की आम सभा गुरुवार को प्रशासक बदरीनारायण जाट की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सदस्यों ने सरसों व चने की जिंस की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू करने की मांग की गई तथा वित्तीय वर्ष 2018-19 का 33 लाख 25 हजार रुपए के बजट का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक में समिति के व्यवस्थापक ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से 2 अप्रेल से समर्थन मूल्य पर चने व सरसो की खरीद शुरू किए जाने के आदेश जारी हुए हैं, लेकिन अभी तक समिति के पास कोई आदेश नहीं आया है। सभा में छीतरलाल शर्मा सहित सदस्यो ने खरीद के समय छनाई व्यवस्था बन्द करने की मांग की। लेखाकार भंवरलाल विजय ने वर्ष 2016-17 का व्यापार खाता, लाभ- हानि खाता आदि की प्रतियां सदस्यो को सौंपी।
सरकारी कांटा लगवाने की मांग
पीपलू. पीपलू के किसानों ने सरसों की तुलाई के लिए सरकारी कांटे लगाने की मांग की है। किसान जगदीश, जगदीश दगोलियां, हरिनारायण, बद्री बारवाल, कवरपाल ने बताया कि पीपलू तहसील में साठ प्रतिशत किसानों ने जिंस आढ़तियों को बेच चुके है। किसानों का मंडियों में सरसों व्यापारियों द्वारा लेब के नाम पर शोषण किया जा रहा है, जिसे बंद किया जाए। किसानों ने बताया कि सरसों की तुलाई जल्द से जल्द चालू किया जाए व पीपलू तहसील में सरकारी कांटा लगवाने की मांग की है