
टोंक. जिले में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। हर साल बारिश के मौसम में जिला प्रशासन की लापरवाही बनास नदी में पिकनिक व मौसम का लुत्फ उठाने जाने वाले लोगों पर भारी पड़ रही है। आलम ये है कि गड्ढों में डूबने से हर साल मौतें होती है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
जबकि इन गड्ढों तथा बनास नदी के गहरे क्षेत्र में जाने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। ताकि हादसों पर नियंत्रण हो सके। पिछले दस साल के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो बनास नदी के फ्रेजर पुल तथा वैष्णा देवी मंदिर के समीप बनास नदी में हुए गड्ढे में डूबने से एक अब तक 58 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसमें चार मासूम समेत सभी युवा थे। तीन महीने पहले तो गहलोद घाट के समीप बने गड्ढे में भरे पानी में मछली निकाल रहे दो जनों की मौत हो गई थी। वहीं सर्वाधिक मौत वैष्णोदेवी के समीप बनास नदी में बने गड्ढे तथा फ्रेजर पुल के समीप हुई है।
नहाते समय गहरे में जाने पर चट्टानों में फंसते
बनास नदी डेढ़ दशक पहले तक समतल थी, लेकिन बेतहाशा किए गए बजरी खनन से इसमें कई मीटर गहरे गड्ढे हो गए। इसमें अब नीचे चट्टानें निकल आई है।पानी भरा होने से इन पर काई जम गई है।
वहीं पानी के पौधे भी हैं। ऐसे में जब नहाने वाला गहराई में जाता है तो वह फंस जाता है। ऐसे में मौत होने के बाद भी शव पानी की सतह पर नहीं आता है। ऐसा कई बार हुआ कि शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकालना पड़ा है।
ये कर सकता है प्रशासन
प्रशासन को चाहिए कि वे बरसात के दिनों में ऐसे हादसे वाले गड्ढों को चिह्नित करें। उनके आस-पास सुरक्षा की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई नहाने के लिए उनमें नहीं जाए। साथ ही प्रशासन को सावचेत वाले बोर्ड भी लगाने चाहिए।
इसके अलावा बारिश के मौसम के दौरान सम्बन्धित क्षेत्र में दिन में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, लेकिन प्रशासन हर साल ऐसा नहीं करता है। ऐसे में लोगों की जान चली जाती है। अब फिर से बरसात का मौसम शुरू हो गया है और बनास नदी के गड्ढे भरने लगे हैं। मौसम के साथ लोग गोठ व मौसम का आनंद लेने के लिए भी बनास नदी जाने लगे हैं।
ये भी हो सकता है
ये गड्ढे बजरी खनन की वजह से हुए हैं। जबकि खनन के नियमों के अनुसार इनको खनन के बाद मिट्टी से समतल किया जाना चाहिए। ऐसे में प्रशासन इन गड्ढों को फिर से बंद करा सकता है।
वर्ष मौत
2010 5
2011 6
2012 7
2013 6
2014 8
2015 9
2016 7
2017 8
2018 2