विधायक ने जल्द ही घर-घर नल कनेक्शन योजना शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया।
बरवास. विधायक अजीत मेहता ने गुरुवार को कस्बे में बनाए जा रहे पशु चिकित्सालय का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं जानी। इस मौके पर विधायक ने निर्माण करा रहे ठेकेदार को गुणवत्ता से काम काम कराने के निर्देश दिए। विधायक मेहता दोपहर बाद कस्बे में पहुंचे।
इस दौरान लोगों ने जलापूर्ति संकट से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने घर-घर नल कनेक्शन कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि बीसलपुर जलापूर्ति योजना के माध्यम से लगाए गए सामूहिक नल प्वॉइंट गत छह महीने से बंद है। ऐसे में ग्रामीण फ्लोराइयुक्त पानी पीने पर विवश है।
इस पर विधायक ने जल्द ही घर-घर नल कनेक्शन योजना शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया। विधायक मेहता ने बरवास, इस्लामपुरा चौराहा के सौन्दर्यकरण के निर्देश दिए। इसके बाद सीसी का अवलोकन किया।
रायसिंहपुरा में सामुदायिक भवन के लिए विधायक ने तीन लाख रुपए देने की घोषणा की।
रायसिंहपुरा, जैकमाबाद में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने चूली समेत आधा दर्जन गांवों में पहुंचकर समस्याएं सुनी तथा निराकरण का आश्वासन दिया। इस मौके पर टोंक प्रधान जगदीश गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम डोई, देहात मण्डल अध्यक्ष गजराज सिंह सोलंकी, रामगोपाल चौधरी, रतन डोई मण्डल प्रवक्ता महावीर, मोती लाल आदि मौजूद थे।
स्वेटर व शॉल वितरित किए
देवली. शहर की महाराणा प्रताप पाठशाला में पालिकाध्यक्ष रेखा जैन ने गाडिय़ा लुहारों के विद्यार्थियों को स्वेटर व शॉल वितरित किए।
शिक्षक हंसराज शर्मा ने बताया कि पालिकाध्यक्ष ने तीन दर्जन विद्यार्थियों को स्वेटर व गर्म कपड़े वितरित किए। अतिथि अजय मेवाड़ा व अकुंश तिवाड़ी ने टिफिन , बोतल सहित शिक्षण सामग्री दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
नलों में आ रहा गंदा पानी
टोंक .पुरानी टोंक स्थित पांच मन्दिर क्षेत्र में गत दो दिनों से नलों में गंदले पानी की आपूर्ति होने से लोगों में नाराजगी है। मोहल्ले के सुनिल जैन, राजेश अरिहन्त, हेमन्त आदि का कहना है कि नालों में आ रहा पानी मटमेला होने के साथ बदबूदार होने से लोग इसे पी भी नहीं रहे। दूसरी ओर जलदाय विभाग को अवगत कराने के बावजूद सुनवाई नहीं की जा रही।