
बंथली. दूनी, घाड़ थाना पुलिस व खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ने शुक्रवार रात कार्रवाई कर अवैध रूप से बजरी भरकर ले जा रहे ट्रेलर व डम्पर को जब्त किया है। ये वाहन देवली से टोंक की ओर जा रहे थे। ट्रेलर को दूनी थाना क्षेत्र के राजमार्ग व व डम्पर को घाड़ थाना क्षेत्र के राजमार्ग पर पकड़ा। टीम में दूनी थानाप्रभारी घीसालाल राव, घाड़ थानाप्रभारी रामेश्वर मीणा, एएसआई बालकिशन शर्मा, पुलिसकर्मी भगवानसिंह चौहान सहित खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी थे।
भनक भी नहीं लगती किसी को
पुलिस ने बताया कि अवैध तरीके से बजरी परिवहन कर रहे माफिया नए-नए तरीके अपना रहे हैं। दूनी थानाप्रभारी ने बताया कि बजरी माफिया ट्रेलर को तिरपाल से ढककर उस पर रस्सियां बांध देते हैं। वाहन रुकवाने पर एक बार तो चालक ने अन्य सामान होने की बात कही, लेकिन खुलवाने व जांच करने पर वाहन में बजरी से भरी मिली।
दो ट्रोले व एक ट्रक पकड़ा
निवाई. निवाई व बरोनी थाना पुलिस ने अवैध रूप से बजरी भरकर ले जा रहे दो ट्रोले व एक ट्रक को जब्त किया है। थाना प्रभारी रामजीलाल बैरवा ने बताया कि जयपुर-टोंक रोड स्थित एक ढाबे के पास से अवैध रूप से बजरी भरकर ले जा रहे दो ट्रोलों को शुक्रवार रात जब्त किया है।
पुलिस ने दोनों ट्रोलों को गुन्सी स्थित खनिज विभाग के नाके पर खड़ा करा दिया। इसी प्रकार बरोनी पुलिस ने सोहेला के समीप अवैध रूप से बजरी भरकर ले जाते एक ट्रक को जब्त किया है।
टक्कर से गाय की मौत
झिलाय (निवाई). बस स्टैण्ड स्थित मदारी कटले के सामने बौंली की ओर से आ रहे डम्पर ने एक गाय के टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकताओं ने प्रदर्शन कर आधे घंटे तक निवाई-बौंली मार्ग पर जाम लगा दिया।
टक्कर मारकर भाग रहे डम्पर चालक को ग्रामीणों ने बस स्टैण्ड पर ही दबोच लिया। ग्रामीणों के समझाने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद जाम खोला गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मृत गाय को गांव से दूर दफना दिया। इस दौरान गोरक्षा प्रमुख रविप्रकाश, अजय नायक, भवानी कुम्हार, जितेन्द्र प्रजापत, कालू सैन, राजेन्द्र नायक, रवि परिडवाल, शिवराज गुर्जर आदि मौजूद थे।