टोंक

बजरी माफियाओं ने एसआइटी टीम को धमकाया, चार युवकों को वाहन सहित किया गिरफ्तार

Illegal mining of gravel: बनास नदी में बजरी खनन से जुड़े बजरी माफियाओं के हौसलें इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अधिकारियों की टीम को धमकाने से भी नहीं चूक रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 4 Oct 2019, 10:36 AM IST
बजरी माफियाओं ने एसआइटी टीम को धमकाया, चार युवकों को वाहन सहित किया गिरफ्तार
बजरी माफियाओं ने एसआइटी टीम को धमकाया, चार युवकों को वाहन सहित किया गिरफ्तार

टोडारायसिंह. बनास नदी में बजरी खनन से जुड़े बजरी माफियाओं के हौसलें इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अधिकारियों की टीम को धमकाने से भी नहीं चूक रहे हैं। खनन माफियाओं का ये गिरोह बजरी से भरे वाहनों की बनास नदी से लेकर बजरी उतरने वाले स्थान तक एस्कोर्ट देता है।

ऐसी ही एस्कोर्ट गुरुवार को टोडारायसिंह में बजरी से भरे वाहनों की जा रही थी। इस दौरान टीम ने उन्हें रोका तो खनन माफियाओं ने उन्हेंं हमला करने की धमकी दे डाली। बाद में पुलिस ने एस्कोर्ट की दो कारों को जब्त कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनके वाहनों से 75 हजार रुपए बरामद किए हैं।

मामले के अनुसार बुधवार देर रात व गुरुवार तडक़े एक बजे उपखण्ड अधिकारी डॉ. सूरजसिंह नेगी, तहसीलदार मनमोहन गुप्ता व खनन विभाग के अभियंता बजरी खनन व परिवहन पर रोकथाम व कार्रवाई के लिए हमीरपुर की ओर पहुंचे। जहां उन्हें हमीरपुर के निकट बजरी से भरे वाहनों को सुरक्षा मुहैया कराते व एसआइटी टीम की रैकी करते अन्य जिलों के नम्बरों की कारें नजर आई।

उनका पीछा करने पर रैकी करते कुछ युवक हमीरपुर के निकट कार व बाइक को छोड़ अंधेरे होने से भाग छूटे। इसी बीच एसआइटी टीम ने हमीरपुर मोड़ पर नदी क्षेत्र से आ रही दो कार को रोका। इसमें बैठे युवकों से देर रात आने का कारण पूछा तो संतोषप्रद जवाब नहीं दिया।

आवेश में आकर कार में सवार युवकों ने एसआइटी टीम अधिकारियों को धमकाते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। कहा हम पहुंच वाले व्यक्ति हैं, हमारे को कैसे रोक लिया तथा देख लेने की धमकी देने लगे। इसी बीच सूचना पर टोडारायसिंह थाने से हैड कांस्टेबल रामस्वरूप खीची व मुकेश कुमार, दुर्गालाल के साथ हमीरपुर पहुंचे।

उन्होंने बीलवा थाना शिवदासपुरा निवासी जितेन्द्र पुत्र मदन जाट, मेहंदवास थाना फागी निवासी रामराज पुत्र जयसिंह जाट, केरिया थाना फागी निवासी पप्पू पुत्र इश्वर जाट, बगरू थाना निवासी राजेश पुत्र रामनारायण जाट को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर उनके वाहन जब्त कर लिए।पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान उनसे 75 हजार रुपए की राशि बरामद की है। तीनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया। जहां से 20-20 हजार के जमानती मुचलके पर छोड़ दिया।

Published on: