
उनियारा. विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रत्यनशील है। इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। समस्याओं के निराकरण के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने ये बात शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में नवनिर्मित सभा भवन के लोकार्पण समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रत्येक जनसमस्या का प्राथमिकता से निराकरण करें। इसमें कौताही नहीं बरते। इससे पहले उन्होंने सभा भवन की पट्टिका का अनावरण किया। कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी कैलाश चन्द गुर्जर, विकास अधिकारी शिवसिंह पोसवाल, उपकोषाधिकारी घनश्याम गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल कासलीवाल, शहर अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश जैन, पार्षद गिरिजा कंवर, प्रकाशचन्द साहू, घासी जैन, चिरंजीलाल सैनी, भाजयुमो शहर अध्यक्ष अभय सिंह भी थे।
नहीं आए मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया थे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी आदि का नाम लोकार्पण पट्टिका पर अंकित कराया गया था, लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं आए।
चेक वितरित किए
उपखण्ड अधिकारी कार्यालय सभा भवन के लोकार्पण समारोह एवं जनसुनवाई के दौरान विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने 4 जनों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। मण्डी सचिव एस. एस. गुप्ता ने बताया कि राजीव गांधी कृषक साथी योजनान्तर्गत गाडोली की रामरतनी देवी, बर्फी देवी निवासी चोरू को को 2-2 लाख, शंकर लाल निवासी पायगा को 5 हजार, महात्मा ज्योतिबा फुले मण्डी श्रमिक कल्याण योजना के तहत भंवरलाल नायक निवासी देवरी को 2 हजार की राशि का चेक सौंपा।
लोकार्पण आज
मोरला (लाम्बाहरिसिंह) .आदर्श गांव मोरला में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनसहभागिता अन्तर्गत नवनिर्मित प्रार्थना स्थल का लोकार्पण शनिवार को विधायक कन्हैया लाल चौधरी करेंगे। यह जानकारी प्रधानाचार्य बालूराम गुर्जर ने दी।
कार्यकर्ता एकजुट रहें
बनेठा. कस्बे स्थित बाग के बालाजी मंदिर परिसर में कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं की बैठक ब्लॉक मुख्य संगठक देवकिशन गुर्जर की अध्यक्षता में हुई। इसमें देवकिशन गुर्जर ने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर अभी से ही चुनाव के लिए जुट जाएं।
मुख्य अतिथि कांग्रेस सेवादल के जिला संगठक चेतन शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य करें। बैठक में पूर्व ब्लॉक मुख्य संगठक शंकर मेहरा, कांग्रेस इकाई अध्यक्ष सुरेश जैन, अशोक शर्मा, मुकेश जांगिड़, दिनेश आदि मौजूद थे।