
देवली. स्वीप कार्यक्रम के तहत जयपुर रोड स्थित रामीदेवी नर्सिंग संस्थान में मतदाता जागरुक शिविर लगाया गया। इसमें नर्सिंग विद्यार्थियों को मतदान से जुड़ी सभी अहम् जानकारी दी।
प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि इस दौरान मास्टर टे्रनर गिरिराज जोशी, मुकेश सुवालका आदि ने विद्यार्थियों को ईवीएम मशीन, वीवीपेट व कन्ट्रोल यूनिट आदि की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को मत की आहुति जरूर देनी चाहिए। टे्रनर ने विद्यार्थियों को डेमों मतदान में शामिल कर उनसे मतदान कराया। साथ ही वीवीपेट की डिजीटल स्क्रीन पर अपने मत की पुष्टि कराई।
इस दौरान मास्टर टे्रनर ने नर्सिंग विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम देखने व वंचित रहने पर नाम जुड़वाने की जानकारी दी। शिविर में कॉलेज प्राचार्य चंदू भारद्वाज, मुरारीलाल धाकड़, स्वीप से जुड़े शिवराज मीणा, रामपाल सेन आदि उपस्थित थे।
इधर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से योग्यजन एवं दिव्यांग मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी अशोक त्यागी ने निकाली गई मतदाता जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
दिव्यांगजनों ने ट्राई साइकिल से मतदाता रैली निकाली। उनके साथ वार्डन भागचंद चौधरी, दिनेश कुमार, महावीर प्रसाद आदि थे। इसी प्रकार पेंशनर भवन में विकास अधिकारी ताराचंद जाटव व टे्रनर गिरिराज जोशी ने ईवीएम मशीन से मतदान की जानकारी दी।