
लाम्बाहरिसिंह. कस्बे सहित क्षेत्र की आठ पंचायतों समेत अजमेर जिले के दर्जन भर से अधिक गांवों के करीब एक लाख से अधिक ग्रामीणों पर संचालित स्वास्थ्य केन्द्रों पर इन दिनों स्वास्थ्य सेवा पटरी से उतर गई है। केन्द्र पर चिकित्साकर्मियों की कमी है। आदर्श केन्द्र पर आधा दर्जन चिकित्साकर्मियों के पद रिक्त चल रहे हैं।
क्षेत्र के देवल गांव में उप स्वास्थ्य केन्द्र पर चार सात व झाड़ली गांव में चार दिनों से उपस्वास्थ्य केन्द्र पर ताला लटका है, जिससे मरीजों को उचित उपचार नहीं मिलने से निजी चिकित्सकों से इलाज करवाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को योजना का लाभ नही मिल रहा है।
चिकित्सक कमलेश माली ने बताया कि मेलनर्स द्वितीय, फार्मारिस्ट, वार्ड ब्वॉय, स्वीपर का पद रिक्त चल रहा है। कार्मिकों के अभाव में आइपीडी में मरिजों की सख्या कमी आई है। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसमी बीमारियां बढऩे के कारण रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
स्वास्थ्य केन्द्र के अधीन आने वाले आठ उपास्थ्य केन्द्रों पर जननी को राहत नहीं मिल रही है। उपस्वास्थ्य केन्द्रों में दो सालों से संस्थागत प्रसव सुविधा बंद पड़ी है। ऐसे में प्रसूताओं को लम्बी दूरी कर प्रसव कराने विविश होना पड़ रहा है।
सुविधाओं का अभाव
क्षेत्र के आंटोली, कुहाडा, मोरला, झाड़ली, सिंधोलिया, रुपाहेली, देवल, कांटोली गांवों के सब सेन्टरों पर पानी व शौचालयों की सुविधा का अभाव है। सबसेन्टरों को बीसलपुर पेयजल परियोजना से नहीं जोडा गया है। सेन्टरों के बाहर व अन्दर लगे हैण्डपम्प अधिकतर समय खराब रहते हैं।
सेन्टरों में शौचालय बने हुए है, लेकिन उपयोग में नहीं आ रहे हैं। कांटोली, मोरला, रुपाहेली सिंधोलिया में भवन दरक गए हैं। बरसात के मौसम में छत का पानी टपक रहा है। कांटोली, रुपाहेली में बरसाती पानी परिसर में भर जाता है।
जर्जर चिकित्सक आवास
आदर्श केन्द्र परिसर में चिकित्सा अधिकारी आवास व एएनएम आवास को भवन जर्जर अवस्था में होने से अनुपयोगी पड़े हैं। ऐसे में चिकित्सक किराए के भवन में शरण ले रहे हैं।
गत माह कांग्रेस पदाधिकरियों का शिष्टमण्डल केकड़ी में जनसुनवाई पहुंच चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा को आदर्श केन्द्र पर रिक्त पड़े चिकित्साकर्मियों के पद भरने की मांग की गुहार लगाई थी। हालांकि मंत्री ने जल्द पद भर राहत देने का आश्वासन दिया था, लेकिन रिक्त पद नहीं भरने के कारण ग्रामीणों को राहत नहीं मिली है।
बैठक में सुधारने की मांग
ग्रामीण विजय गौतम समेत अन्य ने मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक कराने की मांग की है। ग्रामीण महेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि गत एक साल से बैठक नहीं हुई है। इससे प्रशासन जल्द बैठक में पूर्व एमआरएस सदस्य, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों से चर्चा कर सहयोग से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
इनका यह कहना
रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए उच्चधिकारियों को अवगत करवा दिया है। जल्द ही पद भरे जाएंगे। उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर सुविधाएं बढ़ाकर प्रसव शुरू कराए जाएंगे।
- नरेन्द्र वर्मा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मालपुरा