टोंक

विधायक ने जलापूर्ति में गड़बड़ी की शिकायत पर सहायक अभियंता को लताड़ा

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के अभियंता जलापूर्ति में मनमानी करते है। दो दिन में एक बार दी जाने वाली आपूर्ति का समय भी निर्धारि
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 8:32 AM IST
 समस्याएं सुनते विधायक
मालपुरा के लावा गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते विधायक।

मालपुरा. विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने शनिवार को उपखण्ड के लावा, चबराना, कलमण्डा ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों के अभाव-अभियोग सुने। इस दौरान लावा में ग्रामीणों से जलापूर्ति में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर विधायक ने एईएन कोमल सिंह को लताड़ लगाते हुए समय पर जलापूर्ति के निर्देश दिए। विधायक ने खराब पड़े हैण्डपम्पों की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।


विधायक कन्हैयालाल चौधरी के लावा ग्राम पंचायत के पुराने भवन में हुई जनसुनवाई में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के अभियंता जलापूर्ति में मनमानी करते है। दो दिन में एक बार दी जाने वाली आपूर्ति का समय भी निर्धारित नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। इस पर विधायक ने जलदाय विभाग के एईएन को समस्या का तत्काल समाधान करने नियत समय पर सप्लाई देने के निर्देश दिए।

एईएन कोमल सिंह ने बताया कि जर्जर टंकी को गिराने के बाद उसके स्थान पर नई टंकी का बनवाने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के शिव सागर कुएं को गहरा कराने तथा उसमें मोटर लगवाने की मांग की। पूर्व डीआर बजरंगलाल खटीक व धर्मचन्द गोयल ने गोशाला के बाहर व तालाब की पाल पर मवेशियों के पानी के लिए खेळियों के निर्माण की मांग की।इस पर विधायक ने खेळियों के निर्माण की घोषणा की।

हजारीपुरा गांव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए 800 मीटर पाइप लाइन डालने की स्वीकृति दी। हनुमान स्वामी ने लावा-हजारीपुरा मार्ग पर दो खम्भों के टूटे होने की शिकायत करने पर विधायक ने विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियन्ता ओमप्रकाश चौधरी को खम्भे बदलने के निर्देश दिए। विधायक ने भैंरूपुरा ढाणी में पांच लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण तथा पशु उपस्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। विधायक ने गणेशपुरा, बालापुरा, चबराना, कुटका, घासीपुरा, मालूणी व कलमण्डा, डूंगरीकला व डूंगरीखुर्द मेंसमस्याएं सुनी। इस दौरान भाजपा देहात मण्डल अध्यक्ष भागचन्द सैनी, प्रधान सरोज चौधरी आदि मौजूद थे।

10 अवैध कनेक्शन काटे
मालपुरा. जलदाय विभाग की ओर से शनिवार को टोरडी से डूंगरीकला जा रही बीसलपुर ग्रामीण पेयजल योजना से टोरडी गांव में अवैध रूप से कनेक्शन मिलने की शिकायतों पर विभाग की ओर से 10 अवैध कनेक्शन काट दिए। जलदाय विभाग की कनिष्ठ अभियन्ता तारा स्वामी, डिग्गी जेईएन अनुसूइया तिवाड़ी, एएसआई पीरूलाल सहित जलदायकर्मियों ने बीसलपुर ग्रामीण पेयजल योजना की राइजिंग लाइन से अवैध रूप से कनेक्शन लेने पर टोरडी माली मोहल्ले में चार कनेक्शन, कहार मोहल्ले में चार अवैध कनेक्शन ले रखे थे। वहीं भवानीपुरा ढाणी में दो अवैध कनेक्शन मिले। जिस पर विभाग की ओर से सभी अवैध कनेक्शनों को विच्छेद किया जाकर सभी के खिलाफ पानी चोरी करने का थाने में मामला दर्ज कराने की चेतावनी दी।

Published on: