सांसद ने मण्डल अध्यक्ष को मन की बात सुनने के लिए रेडियो भी वितरित किए।
टोंक. सांसद कार्यालय में जिलाध्यक्ष गणेश माहुर की अध्यक्षता मेंं जिला पदाधिकारी, मोर्चा, मण्डल व प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने मण्डल अध्यक्ष, मोर्चा व प्रकोष्ठों के जिला संयोजक को निर्देश दिए कि कोई भी पदाधिकारी संगठन का काम समर्पण भाव से नहीं कर रहा है तो उसे बदल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन से ही हम सबकी पहचान है। आगामी महीनों में प्रदेश व केन्द्रीय नेतृत्व की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रत्येक पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व बूथ स्तर तक का कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के लोगों को शामिल करेंगे।
साथ ही 23 जून को पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, 24 जून को मन की बात, प्रतिभा सम्मान समारोह, प्रत्येक बूथ पर मिस्ड कॉल देकर 50 सदस्य बनाना व अधिक से अधिक सम्पर्क करना है।
माहुर ने कहा कि आगामी महीनों में चुनाव आने वाले हैं। इसमें सभी को जोश व तैयारियों के साथ टारगेट-18 0 व 25 को पूरा कर भाजपा की सरकार बनानी है। जिला महामंत्री दीपक संगत ने कहा कि केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने प्रत्येक मण्डल की दो ग्राम पंचायतों में रात्रि प्रवास व चौपाल का आयोजन कार्यक्रम रखा है।
इसमें जनप्रतिनिधि, प्रदेश, जिला व मण्डल पदाधिकारी प्रवास पर आवश्यक रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके लिए प्रवास प्रभारी बनाए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सभी वर्ग से मिलकर सम्पर्क व संवाद करना है।
बैठक के बाद सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने सभी मण्डल अध्यक्षों से सांसद मद से मण्डल क्षेत्र के विकास के लिए 5 लाख तक के कार्यों की अभिशंसा के लिए कहा। सांसद ने बताया कि सांसद मद से जिन मण्डलों में विकास कार्य नही हो पाए, उनकी अभिशंसा भेजे।
ताकि विकास कार्य कराए जा सके। उन्होंने मण्डल अध्यक्ष को मन की बात सुनने के लिए रेडियो भी वितरित किए। जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी है।
उनकी बदौलत आज हम सभी जनप्रतिनिधि बने हैं। देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि संगठन से ही कार्यकर्ता की पहचान है। जनप्रतिनिधि भी संगठन से ही बनते हैं। हम सब संगठन कार्य करते हुए आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाएंगे।
जिला मीडिया प्रमुख महेन्द्र सिरोठा ने बताया कि बैठक में जिला उपाध्यक्ष बेणी प्रसाद जैन, राधेश्याम डोई, केदार बेनीवाल, जिला महामंत्री नरेश बंसल, रामचन्द्र गुर्जर, महावीर शर्मा, जिला मंत्री रमेश गढ़वाल, इन्दुशेखर शर्मा, यास्मीन खान, पुष्पा मीणा, जिला कोषाध्यक्ष भगवानदास सेठी, जिला कार्यालय मंत्री राजेश शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रधान गुर्जर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बीना जैन छामुनिया, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष विकार खान, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष मुरली मीणा, आईटी जिला संयोजक हसन खान, मीडिया सम्पर्क प्रमुख दुर्गेश गुप्ता, जिला संयोजक विधिप्रकोष्ठ रमेश चन्द शर्मा, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ ब्रजबिहारी शर्मा आदि मौजूद थे।