
देवली . नगर पालिका की ओर से शनिवार को वार्ड 16 में डस्टबीन का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष रेखा जैन थी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में सहयोग करने के लिए शहरवासियों को आगे आना चाहिए।
इसी से ही समाज व देश स्वच्छ, रोगमुक्त होगा। पार्षद विवेकानंद वैष्णव ने कहा कि स्वच्छता के लिए सभी को मिलकर सहयोग करने की जरूरत है। उन्होंने पालिका द्वारा दिए जा रहे डस्टबीन व कचरा संग्रहण वाहनों का उपयोग करने की बात कही।
इस दौरान शिखरचंद जैन, भीमराज जैन, पी. सी. जैन, यज्ञेश दाधीच, नोरतमल नामा, चांदमल जैन, रामस्वरूप सुवालका, हरेन्द्र बैरवा, आबिद अली आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका अब तक सैकड़ों शहरवासियों को सूखे व गीले कचरे के संग्रहण के लिए नि:शुल्क डस्टबीन वितरित कर चुकी है।
मॉर्निंग फालोअप का जायजा लिया
टोंक. एसडीओ प्रभातीलाल जाट ने शनिवार सुबह लाम्बा व अरनियानील गांव पहुंचकर चलाए जा रहे मॉर्निंग फालोअप का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ सुबह 5 बजे खुले में शौच जा रहे लोगों को रोका तथा शौचालय के फायदे बताए। उन्हें 10 नवम्बर तक हर हाल में शौचालय बनवाने को कहा। कर्मचारियों को उन्होंने 10 नवम्बर तक पंचायतों को ओडीएफ में शामिल कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मुसीबत बना नाला
बंथली . यहां बनाए जा रहे सीसी रोड के बीच छोड़े गए गड्ढे में पाइप नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों व वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। पूर्व सरपंच प्रभुलाल सैनी, महावीर पाराशर सहित ग्रामीणों ने बताया कि सडक़ बनवा रहे ठेकेदार ने करीब बीस दिन से नाले की जगह गड्ढा छोडकऱ दोनों तरफ सडक़ बना दी। गड्ढे में पाइप नहीं रखवाए जाने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उपसरपंच सत्यनारायण माली ने बताया कि ठेकेदार को अवगत कराकर जल्दी ही पाइप रखवाए जाएंगे।
शौचालय का बताया महत्व
नगरफोर्ट. क्षेत्र के ताखोली ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शनिवार को स्वच्छता रैली का आयोजन कर स्कूली छात्रों ने ग्रामीणों को शौचालय के उपयोग की जानकारी दी। शिक्षकों ने शौचालय निर्माण में सहयोग का विश्वास दिलाया। इससे पहले स्कूल परिसर से रैली को पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी हीरालाल गौतम ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
शिक्षक रामसहाय शर्मा, बैणीप्रसाद मीणा के नेतृत्व में रैली गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंची। जहां लोगों को शौचालय निर्माण की जरूरत से अवगत कराया। व्याख्याता हिमांशु सोगानी, प्रभुलाल मीणा, शंकरलाल सैनी, रमेशचंद मीणा, पंचायत सहायक मदनलाल मीणा ने घर-घर पहुंचकर लोगों को शौचालय बनवाने के लिए समझाया। इस मौके पर कई लोग मौजूद थे।