
निवाई. नटवाड़ा में टक्कर से बाइक सवार दो जने गम्भीर घायल हो गए। इसमें से एक जने ने उपचार के दौरान महात्मा गांधी अस्पताल जयपुर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि रामराय जाट (47) पुत्र लादूराम जाट निवासी पराणा, रामकिशन पुत्र हजारी जाट निवासी नटवाड़ा को बाइक से पराणा गांव छोडऩे जा रहा था। इस दौरान नटवाड़ा चौराहे के समीप कार ने बाइक के टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए, जिनको स्थानीय राजकीय सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिंताजनक स्थिति होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया। रामराय जाट ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़
दिया।
वाहन टक्कर से दम्पती घायल
बंथली. दूनी-आवां मार्ग पर रविवार देर शाम किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार दम्पती घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को दूनी अस्पताल में भर्ती करवा परिजनों को सूचना दी। ललित पाटनी ने बताया कि दुर्घटना में घायलों में दूनी निवासी हसंराज पाटनी (45) पत्नी अनिता पाटनी है। दोनों सुदर्शनोदय तीर्थ क्षेत्र में जिज्ञासा समाधान शिविर के समापन के बाद बाइक से घर आ रहे थे। कालाकाकरा ढाणी के पास दूनी से आवां की ओर जा रहे किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर क्षमता से अधिक बजरी से भरे वाहन रातभर गुजरते हैं। इनसे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। इससे लोगों में नाराजगी है।
आग से धान व चारा जला
मालपुरा. डिग्गी मार्ग पर अग्रवाल सेवा सदन के पीछे स्थित खेतों में काटकर रखी ज्वार की फसल व धान में आग लगने से आठ ट्रॉली ज्वार व चारा जलकर राख हो गया। मौके पर दमकल पहुंची, लेकिन तब तक फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। प्रधान चौधरी, शिवचरण चौधरी व सूरज चौधरी के खेतों में अज्ञात कारणों से लगी आग से आठ बीघा भूमि में काटकर रखी ज्वार की फसल जल जाने से धान व चारा जलकर राख हो गया। पुलिस व दमकल को सूचना दी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पूर्व ही धान व चारा जलकर राख हो गया। दमकल कर्मी नोरतमल व बासत नागौरी के सहयोग से आग पर पूर्ण नियंत्रण पाया जा सका।