टोंक

DOCTOR STRIKE : पटरी से उतरी सेहत की गाड़ी, मरीज छोड़ गए अस्पताल

दूरदराज से आए बीमार भटकते रहे, वहीं तीमारदार भी परेशान रहे।  
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2017, 7:59 AM IST
सआदत अस्पताल
टोंक के सआदत अस्पताल में खाली पड़ा सर्जिकल वार्ड।

टोंक. आन्दोलनरत चिकित्सक तीसरे दिन बुधवार को भी अस्पतालों में नहीं पहुंचे। इससे दूरदराज से आए बीमार भटकते रहे, वहीं तीमारदार भी परेशान रहे। कई मरीज बिना छुट्टी कराए ही घरों को लौट गए। सआदत अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती हृदय रोगी पुरानी टोंक निवासी हुसैन बानो की बुधवार को मौत हो गई।

हालांकि नर्सेज का कहना है कि रोगी को पांच दिन पहले ही जयपुर रैफर कर दिया था, लेकिन परिजन जयपुर लेकर नहीं गए। अस्पताल के आउटडोर का आंकड़ा भी डेढ़ हजार से घटकर डेढ़ सौ पर रह गया। मेडिकल व सर्जिकल वार्ड में इक्के-दुक्के मरीज भर्ती हैं। गम्भीर रोगियों को परिजन बिना छुटटी कराए ही निजी अस्पतालों में ले गए।

इससे वार्ड वीरान रहे। दूसरी ओर निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ रही। हालांकि चिकित्सा विभाग की ओर से सेवानिवृत्त दो चिकित्सक समेत आयुर्वेद व आयुष चिकित्सकों को सआदत अस्पताल में नियुक्त किया है, लेकिन इनकी संख्या कम होने से मरीजों को घंटों इन्तजार करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह रामभरोसे रही। नर्सेज ने ही मरीजों का उपचार किया।


उनियारा. हड़ताल के चलते चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपखण्ड अधिकारी कैलाशचन्द गुर्जर ने बताया कि नर्सिंग स्टाफ को बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडऩे को कहा गया है।

उनियारा एवं अलीगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बनेठा, पचाला, सोप तथा ककोड़ के प्राथमिक चिकित्सालयों में आयुष एवं आयुर्वेदिक चिकित्सकों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त विकास अधिकारी शिवसिंह पोसवाल तथा चिकित्सा विभाग के बीपीएम रामहंस को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हंै।

सूने रहे जांच केन्द्र
सआदत अस्पताल में संचालित जांच केन्द्र भी बुधवार को सूने रहे। आयुर्वेद व यूनानी चिकित्सकों की ओर से परामर्श तो दिया गया, लेकिन जांच नहीं लिखी गई। यही स्थिति मातृ एवं स्वास्थ्य अस्पताल में स्थित जांच केन्द्र की रही। एक्स-रे कक्षों में भी रोगियों की संख्या कम रही।


बिना मरीज नहीं लग रहा मन
हमेशा भरे रहने वाले मेडिकल वार्ड में मरीजों की संख्या कम रहने से नर्सेज भी ठाले बैठे रहे। सर्जिकल पुरुष वार्ड की स्थिति तो यह थी कि पूरे वार्ड में महज एक मरीज भर्ती था। नर्सेज का कहना था कि बिना मरीजों के उनका भी मन ही नहीं लग रहा। मरीज भर्ती रहने से समय का पता ही नहीं चलता।

नहीं लौटे चिकित्सक
मालपुरा. प्रदेशव्यापी आह्वान पर तीसरे दिन भी चिकत्सिक काम पर नहीं लौटे। अस्पताल में बुधवार को लगभग 350 मरीजों का आउटडोर रहा। दस मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।


घटी मरीजों की संख्या
बंथली. क्षेत्र के अस्पतालों की सेवाएं चरमराने लगी है। आयुर्वेद, यूनानी आदि चिकित्सकों से दवाइयां नहीं लेकर कई मरीज निजी चिकित्सकों के चक्कर लगा रहे हैं। इससे अस्पताल में मरीजों की संख्या घटती जा रही है। मेलनर्स प्रथम भैंरूलाल ने बताया कि बुधवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या 14 रही। वैसे आउटडोर 250-300 का रहता था। इससे अधिक बुरा हाल प्रसूताओं का है। इन्हें देवली व टोंक रैफर करने से परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Published on: