
टोंक. शहर के कई क्षेत्रों में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बग्गीखाना स्थित कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि दिन व रात में घंटों बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई समेत जलापूर्ति बाधित है।
पार्षद शकील खान के नेतृत्व में सैकड़ों लोग कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान नारे लगाकर विरोध जताया। उनका कहना था कि दिनभर की जा रही बिजली ट्रिपिंग से उपकरण खराब हो रहे हैं।
रात को बिजली के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित है। जबकि इन दिनों विद्यालयों में परीक्षाएं चल रही है। बाद में अभियन्ताओं के सुचारू आपूर्ति के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद ही वे घरों को लौटे।
उनियारा. मरम्मत के चलते बिजली निगम की दो दिन सुबह 9 से दोपहर 2 बजे उनियारा, बनेठा, अलीगढ़ , चौरू, पचाला, खातोली, सौप, पलाई, ककोड़ फीडर की बिजली बंद रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता एन. डी. शेख ने दी।
विद्यार्थियों का प्रदर्शन
उनियारा. विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षाएं नहीं लिए जाने से नाराज राजकीय सरदार उ. मा. विद्यालय के विद्यार्थियों ने गुरुवार को विद्यालय व एसडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना था कि कुछ शिक्षकों की मनमानी के चलते परीक्षाएं नहीं ली गई।
उन्होंने बताया कि गत दिनों विज्ञान विषय की प्रायोगिक परीक्षाएं ली गई थी। विज्ञान विषय के दो शिक्षकों ने मनमानी करते हुए आधे विद्यार्थियों की ही परीक्षाएं ली। उन्होंने कई को वंचित कर दिया। इससे भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
आक्रोशित विद्यार्थियों ने दोनों शिक्षकों के स्थानान्तरण की भी मांग की। इस दौरान कार्यालय में एसडीओ मौजूद नहीं होने पर पुलिस उपाधीक्षक किशोरलाल ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों को शांत कराया। उन्होंने प्राचार्य से बात कर वंचित विद्यार्थियों की भी परीक्षाएं कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही विद्यार्थी शांत हुए।