टोंक

दुर्गाष्टमी के मौके पर घर-घर हुई कुलदेवी की पूजा

दुर्गाष्टमी के मौके पर लोगों ने परिजनों सहित शक्तिपीठों पर पहुंचकर दर्शन किए
2 min read
Oct 18, 2018
 Kuldevi
टोंक के देवली के पास कुंचलवाड़ा बीजासण माताजी की सजाई गई झांकी।


टोंक . दुर्गाष्टमी के मौके पर बुधवार को घर-घर में कुल देवी (दिहाड़ी माता) की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान क्षेत्र के शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। दिनभर श्रद्धालुओं का दर्शनों के लिए तांता लगा रहा। दुर्गाष्टमी के चलते सुबह 5 बजे से ही पदयात्रियों व वाहनों से जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

लोगों ने परिजनों सहित शक्तिपीठों पर पहुंचकर दर्शन किए। इनमें कुंचलवाड़ा स्थित बीजासण माताजी व चांदली माताजी के यहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने माता दर्शन कर नारियल व चावल को भोग लगाया। इस दौरान बीजासण व हिंगलाज माता मन्दिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन हुआ।

यहां देवली व हनुमाननगर पुलिस को व्यवस्था करनी पड़ी। इधर, घर-घर दिहाड़ी माता को चावल, लापसी का भोग लगाया तथा अपने कुल, परिवार के सुख-समृद्धि एवं वंशवृद्धि की कामना की। इस मौके पर नवरात्र अनुष्ठान कर रहे श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोज कराया। कई घरों में शस्त्र पूजन किया गया।


मालपुरा.सम्पूर्ण उपखण्ड क्षेत्र में दुर्गाष्टमी के अवसर पर बुधवार को घर घर कु़लदेवी व महागौरी की पूजा अर्चना की गई। वहीं दुर्गालयो में आस्था एवं श्रद्धा का सैलाब उमड़ा।दुर्गाष्टमी के अवसर पर घर घर कुलदेवी व महागौरी की पूर्ण विधि पूजा अर्चना की गई तथा घर परिवार के लोगों ने एक साथ बैठकर महागौरी की महाआरती की प्रसादी का भोग लगाया।

वहीं दूसरी ओर कन्याओं को देवी का स्वरूप मान कर घर घर कन्याओं का पूजन कर भोजन करवाया गया। सिंधौलिया माताजी, ऊन की माताजी, चावण्डा माता नगर, चांदसेन माताजी, गुणात माता कडीला, चामुण्डा माता लावा मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।


फूलों से सजाया मंदिर
बंथली. तहसील मुख्यालय स्थित दूणजा माता मंदिर को दुर्गा अष्ठमी पर बुधवार को फूलों से सजाया गया साथ माता का श्रृंगार भी फूलों से किया गया। फूलों से सजाए मंदिर को देखने श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इधर, क्षेत्र के माता मंदिरों में दर्शन करने को लेकर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।

श्रद्धालुओं की ओर से लगाए जयकारों से मंदिर व कस्बे गुंजायमान हो रहे है। दूणजा माता मंदिर में देश-प्रदेश से आ रहे श्रद्धालु दर्शनकर मनोकामना पूर्ण होने की कामना कर रहे है। साथ ही बंथली व देवड़ावास स्थित कंकाली माता मंदिर में दर्शन करने को लेकर श्रद्धालु उमड़ रहे है।

क्षेत्र के दूनी, बंथली, देवड़ावास, भरनी, घाड़, धुवांकला, कनवाड़ा, बड़ोली, आवां, चारनेट, धुवांखुर्द, जूनिया, सरोली सहित अन्य कस्बों-गावों के मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन करने को उमड़ रहे हैं।

Published on:
18 Oct 2018 03:16 pm