
Jai Mundra : खुशखबर। राजस्थान के टोंक जिले के जय मूंदड़ा को आयरलैंड क्रिकेट टीम में चुना गया है। जय मूंदड़ा भारत के खिलाफ T20 सीरीज़ खेलेंगे। 26 जून से होने वाली T20 सीरीज में जय मूंदड़ा भारत के खिलाफ खेलेंगे। आयरलैंड क्रिकेट टीम में चयन के बाद जय मूंदड़ा के परिवार में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर जय मूंदड़ा की बहन मानसी मूंदड़ा ने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि मेरे भाई का सपना पूरा हो गया है। वे बचपन से ही क्रिकेट खेलते आए हैं। भैया से बात हुई वे और हम सभी बहुत खुश हैं।
बहन मानसी मूंदड़ा ने बताया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा टोंक में पढ़ाई के दौरान टोंक और राजस्थान अंडर-14 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान में कई राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है।
एक सवाल के जवाब में मानसी मूंदड़ा ने कहा कि मेरी क्रिकेट में कोई रुचि नहीं थी। पर मैं भाई को क्रिकेट खेलते देखती थी। मुझे अच्छा लगता था। सेलेक्शन के बाद मेरी बात हुई तो वह बहुत खुश थे। हम भी बहुत खुश हैं। उम्मीद करते हैं कि वो अच्छा खेलेगा।
क्रिकेटर जय मूंदड़ा (28 साल) 2021 में M.Tech की डिग्री लेने के लिए स्टूडेंट वीज़ा पर आयरलैंड गए थे। वहां रहने के दौरान, उन्होंने नौकरी करने के साथ-साथ क्रिकेट खेलना भी शुरू किया। वर्ष 2025 में उन्हें आयरलैंड की नागरिकता मिली और अब उनका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयन हो गया। जय का चयन उनकी आक्रामक गेंदबाज़ी और मज़बूत बल्लेबाज़ी के दम पर हुआ है। टोंक में जय मूंदड़ा के परिवार में जश्न का माहौल है। अपनी खुशी ज़ाहिर करते हुए जय की मां ने विद्या मुंद्रा कहा कि उनके बेटे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचकर उनका सपना पूरा किया है। पढ़ाई के साथ साथ उसने हमेशा क्रिकेट पर भी ध्यान दिया, जिससे वह चयनकर्ताओं की नज़र में आ गया।
भारत को 26 और 28 जून को आयरलैंड में दो T20I मैच खेलने हैं, जिसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड में पांच मैचों की T20I सीरीज़ होगी और फिर तीन ODI मैच खेले जाएँगे। आयरलैंड के साथ होने वाले ये मैच इस साल की शुरुआत में वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत के पहले T20I मैच होंगे, और श्रेयस अय्यर इस फ़ॉर्मेट में टीम की कप्तानी करेंगे।