टोंक

Rajasthan : राजस्थान के छोटे शहर के सिद्धांत शर्मा ने रचा इतिहास, कांस फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ चयन

Rajasthan : विश्व के सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित कांस फिल्म फेस्टिवल फ्रांस में 23 मई तक आयोजित होगा। इस भव्य अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में सिद्धांत शर्मा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

2 min read
May 16, 2026
फ्रांस में अपनी कला का प्रदर्शन करने पहुंचे सिद्धांत शर्मा। फोटो पत्रिका

Rajasthan : निवाई राजस्थान के टोंक जिले का एक प्रमुख और ऐतिहासिक शहर है। सपनों को सच करने का जज्बा हो तो निवाई से छोटे शहर की सीमाएं भी अंतरराष्ट्रीय पहचान के रास्ते नहीं रोक पाती। निवाई निवासी सिद्धांत शर्मा ने ऐसा ही कर दिखाया है। विश्व के सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित कांस फिल्म फेस्टिवल में उनका चयन हुआ है। फ्रांस में 12 से 23 मई तक आयोजित होने वाले इस भव्य अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में सिद्धांत शर्मा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सिद्धांत शर्मा का परिवार शिक्षा और संस्कारों से जुड़ा हुआ है। उनके पिता विष्णु कुमार शर्मा संस्कृत विषय के व्याख्याता हैं, जबकि माता लक्ष्मीबाई शर्मा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय झिलाय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है। शिक्षित और सांस्कृतिक वातावरण में पले-बढ़े सिद्धांत ने बचपन से ही कला और फिल्म निर्माण के प्रति विशेष रुचि दिखाई।

सिद्धांत हमेशा से रचनात्मक गतिविधियों, सांस्कृतिक आयोजनों और फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। अपनी इसी लगन और निरंतर प्रयासों के दम पर सिद्धांत ने अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच बनाई है।

कांस फिल्म फेस्टिवल में शामिल होकर उन्हें दुनियाभर के फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों और सिनेमा जगत की नामचीन हस्तियों के बीच अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। यह उपलब्धि न केवल सिद्धांत के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

राजस्थान और कांस फिल्म फेस्टिवल

कांस फिल्म फेस्टिवल दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित फिल्म उत्सव है। फ्रांस के कांस शहर में मई में आयोजित यह 10-12 दिनों का कार्यक्रम 1946 में शुरू हुआ। मुख्य पुरस्कार Palme d'Or (स्वर्ण पाम) है। यहां रेड कार्पेट, ग्लैमर, नई फिल्मों की स्क्रीनिंग, मार्केट और नेटवर्किंग होती है। यह कला, व्यापार और सिनेमा का अनोखा मेल है।

राजस्थान का योगदान : राजस्थान ने हाल ही में कांस में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 2025 में राजस्थानी फिल्म 'ओमलो' (निर्देशक: सोनू रणदीप चौधरी) Cannes Film Market में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित हुई। यह बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में बनी पहली प्रमुख राजस्थानी फिल्म है, जो एक बच्चे और ऊंट की कहानी पर आधारित सामाजिक ड्रामा है।

इसके अलावा, राजस्थानी लोक गायक मामे खान ने 2022 में भारतीय दल का नेतृत्व किया और राजस्थानी संस्कृति को प्रमोट किया। राजस्थानी डिजाइनर और कलाकार भी समय-समय पर यहां अपनी कला दिखाते रहे हैं।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Summer Vacation : राजस्थान के शिक्षा विभाग का आदेश, शिक्षकों-कार्मिकों को लगा झटका, शिक्षक संगठन नाराज
Published on:
16 May 2026 12:21 pm
Also Read
View All