
निवाई. राष्ट्रीय-राजमार्ग स्थित बरथल तिराहे के समीप बीसलपुर प्लांट के पास रविवार को राजस्थान परिवहन निगम के टोंक आगार की बस ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार दो महिलाओं सहित सात जने घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि बस जयपुर से कोटा जा रही थी। हादसे में बस में सवार टोंक निवासी रविना पुत्री प्रदीपकुमार सिन्धी,विजयकुमार शर्मा , आशा पत्नी विजयकुमार, रेखा पत्नी किशन सिंधी नगरफोर्ट निवासी निशा पुत्री मुकेश मीणा, मानसरोवर जिला जयपुर निवासी दिलीपकुमार पुत्र मोहनलाल धर्मानी, बस चालक चन्द्रशेखर साहू एवं धर्मचन्द पुत्र लल्लुराम शर्मा निवासी देवली घायल हो गए।
घायलों को एम्बुलेंस से स्थानीय राजकीय सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिनमें से रविना, चन्द्रशेखर, धर्मचन्द एवं आशा की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया एवं रविना को टोंक सआदत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायलों के कोहराम से अस्पताल के वार्ड में भीड़ लग गई, जिनको पुलिस ने मशक्कत कर हटाया।
सब्जियों से भरी पिकअप पलटी, चालक घायल
निवाई. राष्ट्रीय-राजमार्ग स्थित किशन बाबा कि ढाणी के समीप रविवार सुबह चालक का सन्तुलन बिगड़ जाने से सब्जी से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में सडक़ पर सब्जियां बिखर गई और चालक घायल हो गया।
ढाणी के निवास सुनील जाट ने बताया कि जयपुर से टोंक कि ओर जा रही पिकअप का सन्तुलन बिगड़ गया, जिससे गहरे गड्ढे में जा गिरी। चालक रामलाल सैनी निवासी सुरोदाबाद टोंक घायल हो गया। लोगों ने घायल चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया।
युवक ट्रेन के सामने कूदा
निवाई. झिलाय रेलवे फाटक के समीप एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी रामजीलाल ने बताया कि रविवार देर रात एक युवक का ट्रेन से कटा हुआ शव पड़ा मिला, जिसकी शिनाख्त मृतक की पेंट की जेब में मिले आधार कार्ड से बलराम गुर्जर(20)पुत्र बजरंगलाल निवासी नाहरी खुर्द पुलिस थाना चौथ का बरवाड़ा के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शव का स्थानीय राजकीय सामुदायिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया में आत्महत्या का है। उन्होंने ट्रेन को अज्ञात बताया है।