
मालपुरा के लावा गांव में टंकी की सीढिय़ां टूटने से गिरा मलबा व टूटी सीढिय़ा
मालपुरा. जिला कलक्टर के निर्देशों की भी जलदाय विभाग के अभियंता परवाह नहीं करते। यही वजह है कि पानी की टंकी की क्षतिग्रस्त सीढिय़ां गत गुरुवार को भरभरा कर ढह गई। इसके निकट ही संचालित निजी विद्यालय में विद्यार्थियों के बाहर नहीं खेलने से बड़ा हादसा टल गया।
दरअसल में लावा गांव में गढ़ के पास बनी जलदाय विभाग की क्षतिग्रस्त टंकी की मरम्मत कराने की मांग ग्रामीणों ने गत दिनों जिला कलक्टर सूबेसिंह यादव की चौपाल में की थी। इस पर कलक्टर ने विभाग के अभियंताओं को समस्या समाधान करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद विभाग ने ध्यान नहीं दिया।
उल्लेखनीय है कि जलदाय विभाग की ओर से गांव में जलापूर्ति के लिए गढ़ के पास वर्ष 1980 में उच्च जलाशय का निर्माण कराया था। समय के साथ-साथ पानी की टंकी के जर्जर होने व जगह-जगह से पानी रिसने लगा है। जर्जर होने से उसके गिरने का अंदेशा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने टंकी को बदलने के लिए विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर जिला कलक्टर को चौपाल में शिकायत की गई। इसमें सहायक अभियन्ता कोमल सिंह ने बताया था कि टंकी की मरम्मत करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा हुआ है।
इधर, विभाग की कनिष्ठ अभियन्ता अनुसूइया तिवाड़ी ने बताया कि जर्जर टंकी की शिकायत मिली है। इस टंकी से पानी की आपूर्ति बंद की जाएगी। उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कनेक्शन के लिए लगी भीड़
टोंक. वाटर सप्लाई की ओर से शहर के मोलाईपुरा में आयोजित नल कनेक्शन के शिविर में लोगों की भीड़ उमड़ गई। शिविर में सौ से अधिक उपभोक्ताओं ने आवेदन किया। शिविर शहर के वार्ड २ व ३ के लिए लगाया गया।
इसका आयोजन शनिवार का भी होगा। शिविर मे आवेदन करने वालों को मुख्य पाइप लाइन से मीटर तक कनेक्शन देने का पूरा खर्चा आरयूआईडीपी की ओर से उठाया जाएगा। उपभोक्ता को महज जमानत राशि एवं कनक्शन शुल्क अदा करना पड़ेगा।
आरयूआईडीपी के कार्यपालन यंत्री एस. पी. सोनी ने नवीन जल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों से बातचीत की। उन्हें योजना की जानकारी दी। इस दौरान प्रवीण पाण्डेय आदि मौजूद थे।
व्यर्थ बह रहा पानी
बंथली. कुशालपुरा माइनर के क्षतिग्रस्त होने से हजारों गैलन पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है। भगवतसिंह ने बताया कि ये पानी ना तो किसानों के काम आ रहा और ना ही लोगों के। इसके मकानों के पास पानी भरने से ग्रामीणों को मकानों के गिरने की आशंका सताने लगी है।
Published on:
26 Nov 2017, 9:49 AM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.