
राजमहल. राजस्थान पत्रिका के जन सरोकार अभियान के तहत शनिवार को माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर राजमहल के दर्जनों छात्र-छात्राओं व दर्जनभर ग्रामीणों ने आलकेश्वर महादेव मंदिर व पास ही स्थित सार्वजनिक पार्क परिसर की सफाई का कार्य किया। लगभग तीन घंटे तक चले अभियान के दौरान नन्हे हाथों ने मंदिर परिसर का एक-एक तिनका उठाकर सफाई कार्य को अंजाम दिया।
इससे मंदिर परिसर की दशा सुधरने के साथ ही परिसर चमक उठा। इस दौरान सरपंच चांद खां मन्सूरी ने कहा कि राजस्थान पत्रिका की ओर से समय-समय पर चलाए जाने वाले जनसरोकार अभियान से लोगों को नई दिशा मिलने के साथ व समाज को अच्छा संदेश मिलता है।
इस दौरान गुर्जर समाज सुधार समिति के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण कटारिया, चानसेन के पूर्व सरपंच राम बाबू रैगर, सुरेश कुमार धवलपुरिया, वार्ड पंच राजेश वर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, अहसान अली, अर्जुन कटारिया, अमित वर्मा, दीपक शर्मा, कौशल माली, मोन्टू खां, मुकेश वाल्मीकि, हीरा लाल आदि ने सफाई कार्य को अंजाम दिया।
नामांकन बढ़ाने के दिए निर्देश
लाम्बाहरिसिंह. बीकानेर संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा प्रशासन हरिप्रसाद शर्मा ने शनिवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के शैक्षणिक स्तर जांच की। लहर कक्ष, कार्यालय कक्ष समेत अन्य गतिविधियों का अवकलोकन कर कार्यालय रिकॉर्ड संधारण को जांचा। संयुक्त निदेशक शर्मा ने बताया कि प्रारम्भिक शिक्षा स्तर (कक्षा एक से पांच तक) में नामांकन न्यून है।
प्रवेशोत्सव के समय सघन अभियान चलाकर नामांकन बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए है।उन्होंने बताया कि कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक मिला है। खेल मैदान का अभाव होने से अन्य विद्यालय के खेल मैदान के सहारे खेल गतिविधि संचालित हैं। खेल मैदान आवंटन प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराने के प्रयास किए जाएंगे।साथ ही बताया कि विद्यालय में सभी गतिविधियों का गुणात्मक स्तर अच्छा है।
विद्यालय के बाहर संयुक्त निदेशक व वृक्ष मित्र महावीर सोनी ने पौधे रोप सरस्वती वाटिका का उदï्घाटन किया। इस दौरान अध्यापिका रेणु खंगार, वीणा जाटोलिया,योगेश शर्मा उपस्थित थे।