
टोडारायसिंह. सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं यातायात मंत्री युनूस खान ने कहा कि यातायात सुलभता के लिए प्रदेश के साथ क्षेत्र में भी सडक़ों का जाल बिछाया गया है। इसमें धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। मंत्री खान ने मंगलवार को नगरपालिका सभागार में कार्यकर्ताओं से यह बात कही।
वे केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत दाबड़दुम्बा से केकड़ी सडक़ मिसिंग लिंक रोड का शिलान्यास करने से पहले टोडारायसिंह में रूके थे। उन्होंने बताया कि 320 करोड़ रुपए की लागत से करीब 105 किलोमीटर लम्बा दूदू - छाण 37 ए स्टेट हाइवे जल्द बनकर तैयार हो जाएगा।
उन्होंने 32 करोड़ रुपए की लागत से टोडारायसिंह से बोटून्दा सडक़ निर्माण शुरु होने के साथ बावड़ी से दाबड़दुम्बा वाया टोडारायसिंह मिसिंग लिंक रोड निर्माण के अलावा डिग्गी मंदिर के सौंदर्यकरण के लिए 18 करोड़, गौरवपथ के लिए 36 करोड़ रुपए स्वीकृत करने की जानकारी दी।
विधायक कन्हैयालाल चौधरी की ओर से टोडारायसिंह में संचालित विश्राम गृह मरम्मत व सौंदर्यकरण की मांग पर उन्होंने 43 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा भी की। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस मौके पर नगरपालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन, जिला महामंत्री रामचन्द्र गुर्जर, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सुनील भारत, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गालाल बैरवा, पूर्व देहात मंत्री राजनारायण पारीक, महामंत्री प्रहलाद चावला, पार्षद सत्यनारायण सैनी, अवधेश, आशीष विजयवर्गीय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यकर्ता एकजुट रहें
मालपुरा. पंचायतराज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ व समाज कल्याण मंत्री अरूण चतुर्वेदी मंगलवार का मालपुरा आगमन पर पंचायत राज कर्मचारियों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अगवानी कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट रहकर पार्टी के लिए काम करें।
पंचायत राज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ व समाज कल्याण मंत्री अरूण चतुर्वेदी सहित राज्य मंत्री जितेन्द्र मीणा केकड़ी जाते समय कुछ समय के लिए मालपुरा रूके थे।
इस दौरान उनका भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश विजय के नेतृत्व में पूर्व सरपंच व प्रधान प्रतिनिधि रोडूलाल जाट, युवा मोर्चा के अक्षय सोनी ने अगवानी कर स्वागत किया। इस दौरान पंचायत राज कर्मचारी संघ की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।