शिविर शुरू होने के बाद गर्मी में बार-बार बिजली कटौती के चलते भू-अभिलेख निरीक्षक की तबियत बिगड़ गई।
बंथली. अटल सेवा केन्द्र देवड़ावास में आयोजित न्याय आपके द्वार शिविर में गर्मी व बिजली की अव्यवस्था के चलते भू-अभिलेख निरीक्षक की तबियत बिगड़ गई। इसके चलते शिविर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान शिविर में मौजूद चिकित्सक ने उनका उपचार किया। शिविर प्रभारी कार्यवाहक एसडीओ भावना शर्मा के शिविर में देरी से पहुंचने से भी ग्रामीण भटकते रहे।
हालांकि दूनी तहसीलदार तेजपाल गोठवाल, सरपंच पुष्पादेवी मुन्दड़ा सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करते रहे। वहीं पंचायत प्रशासन की अव्यवस्था से भीषण गर्मी में कई विभाग की स्टॉले बाहर लगाने से कार्मिक परेशान हुए। शिविर शुरू होने के बाद गर्मी में बार-बार बिजली कटौती के चलते भू-अभिलेख निरीक्षक राधेश्याम मीणा की तबियत बिगड़ गई।
इस पर बाहर मौजूद चिकित्सक अदिति अग्रवाल सहित चिकित्साकर्मियों ने उनका ब्लड प्रेशर माप उपचार कर आराम की सलाह दी। शिविर में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इधर, शिविर प्रभारी कार्यवाहक एसडीओ भावना शर्मा कलक्टर की वीडियो कॉन्फे्रंस होने के चलते शिविर में देरी से पहुंची। इस दौरान ग्रामीण उनका इंतजार कर भटकते रहे, बाद में एक बजे पहुंची एसडीओ ने सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा कर पांच बजे तक समस्या का निस्तारण किया।
इस दौरान 36 नामान्तकरण, 11 खाता दुरस्ती, 2 खाता विभाजन, 3 सीमाज्ञान प्रार्थना-पत्र, 8 खातेदारी प्रार्थना-पत्र, 25 राजस्व नकलें, अन्य 11 व उपखण्ड़ न्यायालय के 13 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उपखण्ड़ न्यायालय के सुरेन्द्र शर्मा, इस मौके पर पंचायत प्रसार अधिकारी चिरंजीलाल बैरवा, पशु चिकित्सक विवेकानन्द, आयुर्वेद चिकित्सक मनमोहन शर्मा, सचिव राकेश, सत्यनारायण साहू थे।
तहसीलदार को दी चेतावनी
शिविर में पंचायत प्रशासन की लापरवाही से गर्मी व लू में चिकित्सा, पशुपालन, आयुर्वेद, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों की स्टॉल बाहर लगा देने से नाराज कार्मिकों ने अंदर जाकर दूनी तहसीलदार तेजपाल गोठवाल को शिविर छोडकऱ अपने कार्यालयों में जाने की चेतावनी दे दी। बाद में तहसीलदार ने सभी कार्मिकों को सेवा केन्द्र के अंदर बुला लिया। जैसे ही एसडीओ पहुंची सभी को फिर से बाहर जाना पड़ा। इससे कार्मिकों में नाराजगी बनी हुई थी।