
टोडारायसिंह. रतवाई तिराहे पर राजकीय महाविद्यालय के लिए आरक्षित भूमि पर पिछले तीन दशक से किए गए अतिक्रमण को उपखण्ड प्रशासन ने शनिवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त करा अतिक्रमी को बेदखल कर दिया।
हालांकि उपखण्ड प्रशासन को आंशिक विरोध का भी सामना करना पड़ा। इसके चलते पुलिस ने एक जने को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि रतवाई तिराहे स्थित खसरा नम्बर 496 की करीब 3.03 हैक्टेयर चरागाह भूमि पर एक जने ने तीन दशक से अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर रखा था।
यहां ट्यूबवैल लगाकर काश्त की जा रही थी। उपखण्ड प्रशासन ने डेढ़ दशक पहले इस भूमि में से 2.03 हैक्टेयर भूमि राजकीय महाविद्यालय के लिए आरक्षित कर रखी थी। हाल ही में टोडारायसिंह में राजकीय महाविद्यालय खोले जाने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमी को भूमि खाली करने की हिदायत दी, लेकिन हिदायत बेअसर रही।
इसके बाद गत 11 दिसम्बर को तहसील प्र्रशासन ने सरकारी भूमि को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया। इसके बावजूद भूमि खाली नहीं करने पर शनिवार को उपखण्ड अधिकारी साधुराम जाट, तहसीलदार कपिल शर्मा , पुलिस उपाधीक्षक डॉ. हरिप्रसाद सोमानी, थाना प्रभारी बी. एल. मीणा, लाम्बाहरिसिंह, मालपुरा थानों के अलावा अतिरिक्त पुलिस जाप्ते के साथ रतवाई तिराहे पहुंचे।
हालांकि प्रशासन के आने से पहले मकान को खाली कर दिया गया था। प्रशासन ने पक्के निर्माण को अलग-अलग तीन जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कराकर अतिक्रमी को बेदखल किया। इस दौरान अशांति फैलाने पर पुलिस ने इकराम को गिरफ्तार किया है।
25 बीघा चरागाह भूमि से भी हटवाया गया
निवाई. झिलाय रोड मॉडल स्कूल के पास स्थित चरागाह भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को शनिवार को जेसीबी से हटवाया। तहसीलदार गजेन्द्र गोयल ने बताया कि मॉडल स्कूल के पास कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था।
शिकायत मिलने पर अतिक्रमियों को समझाकर करीब 25 बीघा चरागाह भूमि खसरा नम्बर 254/255 से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत ढाणी जुगलपुरा सरपंच मदनलाल सैनी, पटवारी गिर्राज मीणा व ग्राम सेवक अमरसिंह नरूका सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।
खेल मैदान से भी हटाया
पलाई (उनियारा). क्षेत्र के लक्ष्मीपुरा गांव में नेहरू युवा मण्डल मण्डल पदाधिकारियों ने जेसीबी की सहायता से बालाजी मन्दिर व स्कूल खेल मैदान के आस-पास से अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। मण्डल सचिव धर्मेश गुर्जर ने बताया कि अतिक्रमियों को पहले मण्डल की ओर से नोटिस के माध्यम से 5 दिन का अल्टीमेटम दिया था।
इस पर अतिक्रमियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। इस पर मण्डल पदाधिकारियों ने बालाजी मन्दिर व स्कूल खेल मैदान के आस-पास अतिक्रमण को ग्रामीणों के सहयोग से हटाया। इस दौरान अतिक्रमियों ने विरोध जताया लेकिन ग्रामीणों के समझाने पर मामला शांत हो गया। इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष मनराज गुर्जर, सचिव धर्मेश गुर्जर, रामसिंह गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, छीतर गुर्जर, महावीर गुर्जर आदि मौजूद थे।