
निवाई. राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोटूका के समीप आगे चल रहे ट्रक चालक के ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर टोंक डिपो की बस ट्रक के पीछे जा घुसी। इससे बस चालक सहित सात जने घायल हो गए। बरोनी थाना प्रभारी हीरालाल ने बताया कि रोडवेज बस राहोली से टोंक की ओर जा रही थी।
आगे चल रहे ट्रक के चालक के ब्रेक लगाने से बस ट्रक में जा घुसी। इससे बस चालक कमलेश पुत्र नाथूलाल मीणा निवासी राहोली परिचालक रमेश पुत्र गोपाल स्वामी निवासी अन्नपूर्णा डूंगरी टोंक, राकेश शर्मा निवासी गिरधारीपुरा, पिस्ता व पिंकी बैरवा निवासी राहोली, हिना निवासी जगतपुरा जयपुर एवं रामनिवास बैरवा निवासी करीरिया गंभीर घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि चालक कमलेश की चिन्ताजनक स्थिति होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया। बरोनी पुलिस ने घायलों को टोंक सआदत अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बस को साइड में खड़ी कराकर रास्ता सुचारू कराया। इस दौरान सडक़ पर घायलों की मदद के लिए सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए।
करन्ट से किसान की मौत
-रजके को पानी पिलाने के बाद मोटर बंद करते समय हुआ हादसा
बंथली. बंथली स्थित एक खेत पर चल रही बिजली की मोटर को बंद करते समय आए करन्ट से एक किसान की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव का दूनी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। दूनी थाने के हैडकांस्टेबल राजेन्द्रसिंह राजावत ने बताया कि मृतक बंथली निवासी नन्दकिशोर (25) पुत्र श्योजी भील है।
उन्होंने बताया कि नन्दकिशोर रजके की फसल को पानी पिलाने के बाद बिजली की मोटर को बंद कर रहा था। इस दौरान आए करन्ट से वह झुलस गया। परिजन उसे दूनी अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुनील ने दूनी थाने में मृग दर्ज कराया है।
घायलों की पूछी कुशलक्षेम
निवाई के मोटूका तथा सरोली चौराहे के समीप हुए हादसे के घायलों की कुशलक्षेम पूछने के लिए लोगों की भीड़ सआदत अस्पताल में उमड़ गई। विधायक अजीत मेहता तथा नगर परिषद सभापति लक्ष्मीदेवी जैन ने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और चिकित्सकों को उपचार के निर्देश दिए।