टोंक

दुकानों के बाहर लग रही कतार, आधार की राह में अड़चनें हजार

दिनभर शहर में दुकानों के बाहर विद्यार्थियों की रेलमपेल नजर आती है। इनमें अधिकतर ऐसे आवेदक है, जिन्हें नाम, जन्म तिथि, पता आदि में सुधार कराना होता है।
2 min read
• •
Updated: 23 Dec 2017, 2:43 PM IST
 आधार बनवाने के लिए लगी कतार
टोंक स्थित अटल सेवा केन्द्र के बाहर आधार बनवाने के लिए लगी कतार।

राकेश पालीवाल/ टोंक. सरकार ने आधार कार्ड की अनिवार्यता लागू कर दी, लेकिन आधार बनवाने की राह में धैर्य की परीक्षा ली जा रही है। लोगों को आधार बनवाने के लिए काफी समय खर्च करना पड़ रहा है। जगह-जगह खुले ई-मित्र बंद होने से शहर समेत गांवों से आए लोग जिला मुख्यालय पर उमड़ रहे हैं।

आलम यह है सुबह से शाम देर शाम तक अटल सेवा केन्द्र व चिह्नित दुकानों पर लोगों की कतार लगी रहती है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों जिले में 150 से अधिक ई-मित्र कियोस्क व अन्य स्थानों पर आधार कार्ड बनाए जा रहे थे।

न्यायालय ने गत दिनों इस पर रोक लगाते हुए सरकारी कार्यालयों या फिर बैंकों में नि:शुल्क आधार बनाने के निर्देश जारी कर दिए। इसके बाद से ई-मित्र कियोस्क में आधार बनाने का कार्य बंद हो गया। हालांकि बैंक व अन्य सरकारी कार्यालयों की आईडी पर कुछ ई-मित्रधारक आधार बनाने व त्रुटि सुधार करने में लगे हैं।

प्रत्येक कार्यों में आधार अनिवार्य करने व विद्यार्थियों का भी आधार जरूरी किए जाने से चिह्नित दुकानों पर आवेदकों की भीड़ उमड़ रही है। दिनभर शहर में दुकानों के बाहर विद्यार्थियों की रेलमपेल नजर आती है। इनमें अधिकतर ऐसे आवेदक है, जिन्हें नाम, जन्म तिथि, पता आदि में सुधार कराना होता है। लोगों का कहना है कि निर्धारित से तीन-चार गुना राशि वसूलने के बावजूद कई के आधार में संशोधन नहीं हो रहा।

अलमारियों में मशीनें
आधार की अनिवार्यता बढ़ाने के बाद गत दिनों ई-मित्र धारकों ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निर्देश पर मशीनें खरीद ली। इसके बाद शिकायतों के चलते आधार बनाने का कार्य महज सरकारी परिसरों में ही किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए। ऐसे में ई-मित्र संचालकों के पास रखी मशीनें अनुपयोगी साबित होने लगी है।

पढ़ाई छोड़ लगे कतार में
शिक्षा विभाग की ओर से गत दिनों आधार को शाला दर्पण व शाला दर्शन में लिंक कराने के निर्देश जारी कर दिए। इसके तहत शिक्षकों की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को आधार बनवाने के लिए दबाव डाला जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थी पढ़ाई छोडकऱ आधार के लिए मशक्कत कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आधार नहीं बनने पर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से भी हाथ धोना पड़ सकता है।

खुली लूट जारी
आधार कार्ड बनवाने या त्रुटि सुधार कराने आ रहे लोगों से इन दिनों खुली लूट जारी है। आवेदकों का कहना है कि आधार कार्ड सरकार की ओर से नि:शुल्क बनाने के निर्देश हैं, जबकि इसमें त्रुटि सुधार के लिए 25 रुपए निर्धारित हैं। इसके बावजूद कुछ दुकानदार इनके बदले 80 से सौ रुपए तक वसूल रहे हैं।

यूं बोले आवेदक
गत दिनों आधार कार्ड बनवाया था। उसमें जन्म तिथि गलत अंकित हो गई। ऐसे में आधार में संशोधन कराने के बदले उससे 100 रुपए वसूल लिए गए।
गोपाल यादव, मेहंदवास।


आधार में मामूली त्रुटि रह गई। इसके चलते गत दिनों उसमें संशोधन कराया था। इसके बदले उससे शहर के ई-मित्र धारक ने 80-80 रुपए वसूले लिए।
वर्तमान में 28 मशीनें काम कर रही है। इनमें कुछ निजी व अधिकतर सरकारी परिसरों में संचालित है। आधार नि:शुल्क बनाया जाता है, जबकि संशोधन के 25 रुपए निर्धारित है। अधिक राशि वसूलने का मामला उनके समक्ष नहीं आया है।
विश्वास गुप्ता, उप निदेशक, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग टोंक।

Published on: