
Rajasthan Tonk Diabetes Cases: टोंक: बच्चों के स्वस्थ भविष्य की चिंता के बीच टोंक जिले से सामने आए आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय हैं। जिले में करीब 40 हजार लोग डायबिटीज (मधुमेह) की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 37 साल से अधिक उम्र के करीब 4 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें लगभग 10 प्रतिशत लोगों में मधुमेह की पुष्टि हुई है। चिंताजनक बात यह है कि बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जिले में 49 बच्चों का मधुमेह का उपचार चल रहा है।
खास बात यह है कि 14 नवंबर को बाल दिवस के साथ विश्व मधुमेह दिवस भी मनाया जाता है। ऐसे में बच्चों की बदलती जीवनशैली, खानपान और शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देना जरूरी हो गया है। जंक फूड, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ, मीठे पेय पदार्थ और मोबाइल-टीवी के सामने घंटों बैठे रहने की आदत बच्चों की सेहत को प्रभावित कर सकती है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी के अनुसार, टोंक जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 37 साल से अधिक उम्र के करीब चार लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें लगभग 40 हजार लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए हैं। यानी स्क्रीनिंग में शामिल करीब 10 प्रतिशत लोगों में डायबिटीज की पुष्टि हुई है।
राजकीय सआदत अस्पताल में प्रतिदिन मधुमेह के फॉलोअप के लिए करीब 50 से 60 मरीज पहुंच रहे हैं। एनसीडी ओपीडी में रोजाना लगभग 150 मरीज जांच करवाते हैं। अस्पताल में पांच साल से अधिक उम्र के 27 बच्चों को मधुमेह की दवाएं दी जा रही हैं। वहीं जनाना अस्पताल में 22 बच्चों को इंसुलिन दी जा रही है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश गुर्जर के अनुसार बच्चों में मुख्य रूप से टाइप-1 और टाइप-2 मधुमेह देखने को मिलती है। टाइप-1 मधुमेह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता। बच्चों में कुछ लक्षण दिखाई देने पर अभिभावकों को सतर्क रहना चाहिए।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों को प्रतिदिन कम से कम 60 मिनट खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना चाहिए। फास्ट फूड, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ और मीठे पेय पदार्थों का सेवन सीमित करना चाहिए। बच्चों की दिनचर्या में फल, हरी सब्जियां और संतुलित पौष्टिक भोजन शामिल करना जरूरी है।
बाल दिवस पर स्कूलों में स्वास्थ्य संवाद, पौष्टिक आहार की स्टॉल, पोस्टर प्रतियोगिता और मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक सरोज मीना ने बताया कि जिले में 1508 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। जिले की आठ परियोजनाओं में 934 अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया था। इनमें से 848 बच्चे नियमित देखभाल, पौष्टिक आहार और चिकित्सकीय परामर्श से रिकवर हुए हैं।