टोंक

टोंक में दर्दनाक हादसा; पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, देवर की मौत, भाई और भाभी घायल

Tonk Road Accident चंदलाई गांव के बस स्टैंड चौराहे स्थित तेजाजी मंदिर के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Mar 17, 2026
मृतक रमेश और अस्पताल में घायल का उपचार करते हुए। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Tonk Road Accident : टोंक। शहर के समीप चंदलाई गांव के बस स्टैंड चौराहे स्थित तेजाजी मंदिर के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार गांव से शादी का सामान लेने टोंक जा रहे थे। बाइक सवारों को तेज रफ्तार पिकअप ने रॉन्ग साइड आकर कुचल दिया।

पुलिस ने बताया कि, खजूरिया निवासी रमेश चंद बैरवा (55) अपने बड़े भाई मदनलाल और भाभी सुशीला के साथ बाइक से टोंक शहर जा रहे थे। वे आगामी पारिवारिक विवाह के लिए सामान लेने निकले थे। इसी दौरान तेजाजी मंदिर के पास गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें

टोंक: आधी रात टोल प्लाजा पर बदमाशों का तांडव, जमकर तोड़फोड़, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सआदत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रमेश बैरवा की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं मदनलाल और उनकी पत्नी सुशीला का उपचार सआदत अस्पताल में जारी है।

18 अप्रेल को होनी है शादी

बताया जा रहा है कि मदनलाल के बेटे सोनू का विवाह आगामी 18 अप्रेल को होना है। इसी सिलसिले में परिवार के सदस्य खरीदारी के लिए टोंक जा रहे थे, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

डिप्टी सीएम से लगाई गुहार

हादसे के बाद पंचायत समिति के निवर्तमान सदस्य सोनू खटीक ने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं चिकित्सा मंत्री से संपर्क कर घायलों के बेहतर इलाज की गुहार लगाई। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक उपचार और ऑपरेशन किया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में मृतक रमेशचंद बैरवा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और घायलों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Published on:
17 Mar 2026 06:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर