7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tonk : खेत में गिरा था बिजली तार, चारा काट रहा किसान चपेट में आया, पत्नी बचाने को दौड़ी, दोनों की हुई दर्दनाक मौत

Tonk : टोंक के एक गांव में किसान चारा काट रहा था। खेत में बिजली का तार टूटा गिरा हुआ था। किसान करंट की चपेट में आ गया। पत्नी बचाने दौड़ी। तो दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

2 min read
Google source verification
Tonk Dangrathal village broken electric wire Husband wife tragically die

Tonk : मृतक किसान नानगराम शर्मा व उनकी पत्नी रक्खी शर्मा। फोटो पत्रिका

Tonk : टोंक के निवाई उपखंड क्षेत्र के डांगरथल गांव में खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के लिए दौड़ी उसकी पत्नी भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई और एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार डांगरथल निवासी नानगराम शर्मा (55 वर्ष) शनिवार सुबह अपने खेत पर चारा काटने गए थे। खेत में बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, जिसमें विद्युत प्रवाह जारी था। घास और फसल के बीच पड़ा यह तार उन्हें दिखाई नहीं दिया। जैसे ही उनका पैर तार पर पड़ा, वे तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े।

गांव में शोक की लहर दौड़ी

पति को तड़पता देख उनकी पत्नी राम रक्खी शर्मा (50 वर्ष)) बिना देर किए उनकी ओर दौड़ी। पति को बचाने के प्रयास में वह भी जमीन पर पड़े करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक दंपति के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां पति-पत्नी के शव पड़े देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

माता-पिता को खोने से परिवार गहरे सदमे में

सूचना पर थानाधिकारी घासीराम मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले विद्युत लाइन का शटडाउन करवाया, जिसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। एक ही दिन में माता-पिता को खोने से परिवार गहरे सदमे में है।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से वृद्ध की मौत, मामला दर्ज

एक अन्य खबर में टोडारायसिंह थाना क्षेत्र के फूट्यादेवरा कस्बे में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फूट्यादेवरा निवासी कालूराम माली (55 वर्ष) पुत्र पोलूराम माली शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान साण्डला की ओर से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कालूराम को परिजन उप जिला अस्पताल टोडारायसिंह लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पुत्र धर्मराज माली ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि कार चालक तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया करवाई।