9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tonk Crime : होम ट्यूशन + मोटे ब्याज का झांसा, टोंक में निजी कंपनी ने की लाखों की ठगी, 3 पर केस दर्ज

Tonk Crime : टोंक शहर में होम ट्यूशन दिलाने और निवेश पर मोटा ब्याज देने का लालच देकर सैकड़ों शिक्षकों व अन्य लोगों से ठगी का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification
Tonk home tuition investment scam sbcp teacher cheating case mustafa khan

टोंक. कार्यालय के बाहर जमा शिक्षक व अन्य लोग। फोटो पत्रिका

Tonk Crime : टोंक शहर में ठगी का बड़ा मामला सामने आया। एक निजी कम्पनी पर होम ट्यूशन दिलाने और निवेश पर मोटा ब्याज देने का लालच देकर सैकड़ों शिक्षकों एवं अन्य लोगों से ठगी का आरोप है। पीड़ितों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने संस्था संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सवाईमाधोपुर पुलिया के समीप संचालित एसबीसीपी नामक कंपनी करीब एक वर्ष से कार्यरत थी। कंपनी ने निजी शिक्षकों को घर-घर जाकर बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाने के बदले प्रति विद्यार्थी एक हजार रुपए प्रतिमाह भुगतान करने का झांसा दिया था। इसके लिए प्रत्येक शिक्षक से पांच हजार रुपए पंजीयन शुल्क जमा कराया गया। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया कि पंजीयन राशि में से चार हजार रुपए बाद में वापस कर दिए जाएंगे।

आरोप है कि टोंक शहर में कंपनी ने बड़ी संख्या में शिक्षकों को रोजगार का लालच देकर पंजीयन शुल्क वसूला। वहीं कई लोगों से निवेश के नाम पर राशि लेकर उस पर मोटा ब्याज देने का वादा भी किया गया। समय बीतने के बावजूद न तो शिक्षकों को वादा किए अनुसार कार्य मिला और न ही निवेशकों को उनकी राशि या ब्याज लौटाया गया।

कार्यालय पर मिला ताला

मामला उस समय उजागर हुआ जब संस्था संचालक कार्यालय पर ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद ठगी के शिकार लोगों ने कंपनी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर विरोध-प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। प्रकरण में कंपनी के 8 कर्मचारियों समेत 20 लोगों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संस्था संचालक मुस्तफा खान पुत्र मुस्तफा रहमान निवासी मोराबाग रांची झारखंड, शिवेन्द्र सिंह तथा सीवेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सैकड़ों में हो सकती है ठगी का शिकार होने वालों की संख्या

शिकायत के आधार पर तीन वयक्तियों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीम बनाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ठगी का शिकार होने वालों की संख्या सैकड़ों में हो सकती है।
भंवरलाल वैष्णव, थाना प्रभारी कोतवाली टोंक

पलटा सरसों तेल से भरा ट्रक, 100 कर्टन उठा ले गए लोग, मामला दर्ज

वहीं एक और न्यूज में देवली में बूंदी से छपरा (बिहार) जा रहा सरसों तेल से भरा एक ट्रक लुहारीकलां के पास सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक में लदे सैकड़ों कर्टन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि मौके पर मौजूद कुछ लोग करीब 100 कर्टन उठाकर ले गए। मामले में ट्रक मालिक की ओर से हनुमान नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।