17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टोंक: आधी रात टोल प्लाजा पर बदमाशों का तांडव, जमकर तोड़फोड़, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

उनियारा क्षेत्र के नेशनल हाईवे 148डी स्थित पलाई टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा देर रात जमकर उत्पात मचाने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification

टोंक

image

kamlesh sharma

Mar 17, 2026

पलाई टोल प्लाजा पर तोड़फोड़: फोटो पत्रिका नेटवर्क

टोंक। टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र के नेशनल हाईवे 148डी स्थित पलाई टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा देर रात जमकर उत्पात मचाने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और टोल कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। बदमाशों की यह पूरी करतूत टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

टोल कर्मचारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है, जब तीन गाड़ियां टोल प्लाजा की लेन नंबर 2 पर आकर रुकीं। गाड़ियों से उतरे युवकों ने बिना किसी बातचीत या विवाद के सीधे टोल बूथों पर हमला बोल दिया। हमलावरों के हाथों में हथियार भी बताए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भय और बढ़ गया। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जान बचाकर भागे कर्मचारी

बदमाशों ने बिना किसी उकसावे के अचानक तोड़फोड़ शुरू कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि वहां मौजूद कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने को मजबूर हो गए। हमले के दौरान टोल बूथ, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

टोल पर भारी नुकसान

जानकारी के अनुसार तोड़फोड़ में टोल प्लाजा को करीब 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। टोल अकाउंटेंट राजकुमार ने बताया कि बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया और कुछ ही मिनटों में पूरे प्लाजा को नुकसान पहुंचाकर फरार हो गए। घटना के बाद राजकुमार की ओर से उनियारा थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।

जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी कप्तान सिंह के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।