टोंक

Rajasthan: किसी और से तय हो गई प्रेमिका की शादी, फिर 3 घंटे तक चला प्रेमी का हाईवोल्टेज ड्रामा; 2 थानों की पुलिस पहुंची

Tonk Love Affair: टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमिका से शादी करवाने की मांग को प्रेमी अपने साथी के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

2 min read
May 02, 2026
टावर से उतरने के बाद युवकों को समझाते पुलिस अधिकारी। फोटो: पत्रिका

Tonk News: टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमिका से शादी करवाने की मांग को प्रेमी अपने साथी के साथ व्यास सर्किल के पीछे स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। जानकारी के अनुसार सांगानेर क्षेत्र के बांबी निवासी जीतू (21) और उसका साथी अशोक (17) टावर पर चढ़ गए।

बताया जा रहा है कि जीतू का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। लेकिन युवती की शादी अन्यत्र तय होने और उसी दिन विवाह की जानकारी मिलने पर वह आक्रोशित हो गया। इसके चलते दोनों युवक दोपहर करीब 2 बजे टावर पर चढ़ गए और शादी रुकवाने की मांग करने लगे।

ये भी पढ़ें

Kota Murder: पत्नी के थे अवैध संबंध, प्रेमी को रात में घर बुलाया, शराब पार्टी के बाद पति की गला घोंटकर हत्या

सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

दो युवकों के मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला सामने आते ही पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, मालपुरा थाना प्रभारी चेनाराम बेड़ा एवं डिग्गी थाना प्रभारी गोपाल चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आला अधिकारियों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।

परिजनों की समझाइश के बाद मोबाइल टावर से नीचे उतरे

करीब साढ़े तीन घंटे तक चले प्रयासों के बाद परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों की समझाइश और मांगों पर विचार के आश्वासन के बाद दोनों युवक सुरक्षित नीचे उतर आए। घटना के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर मेडिकल करवाया है और जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन ने रुकवाया नाबालिगों का बाल विवाह

इधर, रूपवास गांव में प्रशासन ने दो नाबालिग बच्चियों के संभावित बाल विवाह को रुकवा दिया। सूचना मिलने पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम मौके पर पहुंची और पप्पू लाल पुत्र कन्हैयालाल कीर के घर जाकर दोनों बच्चियों के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जांच में दोनों बालिकाएं नाबालिग पाई गई और विवाह के लिए कानूनी रूप से अयोग्य थी।

मौके पर ग्राम पंचायत प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, राजस्व गिरदावर, पुलिस प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों की मौजूदगी में पिता व परिजनों से हस्ताक्षर लेकर उन्हें कानून का पालन करने के लिए पाबंद किया गया। साथ ही मौका पर्चा तैयार कर बाल विवाह नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। यदि बाल विवाह किया तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

SOG का बड़ा खुलासा: चूरू की यूनिवर्सिटी से लेक्चरर ने बनवाई थी फर्जी मार्कशीट, अब शक के घेरे में कई और टीचर
Also Read
View All