
Weather Alert : मौसम विभाग ने प्रदेश के टोंक जिले में आंधी, बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी तीन घंटों के भीतर टोंक में एक या दो दौर की तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से आंधी भी आ सकती है। वहीं मौसम विभाग ने जिले में ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
वहीं दूसरी तरफ मौसम में बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आकाशीय बिजली और आंधी तूफान के प्रभाव को न्यूनतम करने एवं रोकथाम के लिए एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर आमजन को आकाशीय बिजली के दौरान क्या करें और क्या ना करें, के बारे में बताया है।
ये बताया एडवाइजरी में
विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया कि तेज गर्जना पर सुरक्षित स्थान पर जाने, बिजली गर्जना के समय पेड़ों, टिन-धातु की छतों के नीचे व पास नहीं जाने, गड़गड़ाहट के बाद कम से कम 30 मिनट के लिए कोई भी गतिविधियों को नहीं करने, सूचनाएं, चेतावनी एवं निर्देशों की पालना करने, बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और जानवरों के लिए भी सुरक्षित स्थान देखने की बात कही है। इसके साथ ही ऐसे मौसम में विद्युत उपकरणों को बंद रखने, धातु के पाइप में विद्युत, टेलीफोन उपकरणों, उपयोगिता लाइनों, तारों और बहते पानी से दूरी बनाए रखने, पेड़ों की कटाई व छंटाई आदि नहीं करने, छत पर विद्युत सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने, बरामदे, कांच की खिड़कियों व दरवाजों से दूर रहने, भारत सरकार की दामिनी विद्युत सचेत ऐप का उपयोग करने को कहा है। इसके साथ साथ क्षतिग्रस्त/गिरे हुए बिजली के खंबे, डूबे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और तुरंत नजदीकी विद्युत स्टेशन व पुलिस स्टेशन को सूचित करने, घायल व्यक्ति को प्राथमिक चिकित्सा देने और नजदीकी अस्पताल ले जाने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से हीटवेव कमजोर